☰
×

क्या आपने देखा अमिताभ का 'एक-दो तीन' का मजेदार वर्जन? माधुरी दीक्षित के साथ खास पल

अमिताभ बच्चन ने हाल ही में 'कौन बनेगा करोड़पति' के एक एपिसोड में माधुरी दीक्षित के गाने 'एक-दो तीन' के डांस स्टेप्स को लेकर मजेदार खुलासा किया। इस दौरान उन्होंने अपनी फिल्म 'तूफान' में इस गाने का कॉमिक वर्जन पेश किया। जानें इस खास पल के बारे में और कैसे माधुरी ने इस पर प्रतिक्रिया दी।
 

अमिताभ बच्चन का मजेदार खुलासा



मुंबई, 07 अक्टूबर (वेब वार्ता)। माधुरी दीक्षित का प्रसिद्ध गाना ‘एक-दो तीन’ आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इस गाने के डांस स्टेप को अमिताभ बच्चन ने अपनी एक फिल्म में दोहराया था। हाल ही में, अमिताभ बच्चन ने टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ के एक विशेष एपिसोड में इस राज का खुलासा किया।


इस एपिसोड में माधुरी दीक्षित भी शामिल थीं। बातचीत के दौरान, अमिताभ ने मजाक में कहा, “एक बार हमसे बड़ी गलती हो गई थी। एक फिल्म में हमने आपके गाने ‘1, 2, 3’ के स्टेप को पीछे हटकर किया था।”


माधुरी ने इस मौके पर अमिताभ से उस क्लिप को दिखाने के लिए कहा, जिसके बाद शो की टीम ने पुरानी फुटेज दिखाकर उन्हें चौंका दिया।



इस क्लिप में अमिताभ बच्चन 1989 की फिल्म ‘तूफान’ में ‘एक दो तीन’ का कॉमिक वर्जन करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में वह कमर घुमाकर माधुरी के मशहूर डांस स्टेप्स को करने की कोशिश करते हैं।


पुरानी फुटेज देखकर अमिताभ हंस पड़े और मजाक में बोले, “अरे बाप रे, ये लोग कहां से ये सब निकालकर ला रहे हैं। किसी अच्छे गाने को खराब किस तरह से किया जाता है, वह इस क्लिप को देखकर पता चल रहा है।”


गौरतलब है कि माधुरी दीक्षित का आइकॉनिक गाना ‘एक दो तीन’ 1988 की सुपरहिट फिल्म ‘तेजाब’ में फिल्माया गया था, जिसने उन्हें रातों-रात बॉलीवुड का सुपरस्टार बना दिया। इस गाने की सफलता ने उनके करियर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया और उन्हें इंडस्ट्री की शीर्ष अभिनेत्रियों में शामिल किया।


सरोज खान द्वारा सिखाए गए इस गाने के डांस स्टेप्स और माधुरी के एनर्जेटिक अंदाज ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। ‘एक दो तीन’ गाने में माधुरी ने मोहिनी की भूमिका निभाई थी। अलका याग्निक और अमित कुमार द्वारा गाया गया और लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल द्वारा रचित यह गाना हिंदी सिनेमा के सबसे आइकॉनिक डांस नंबरों में से एक बन गया।


साल 2018 में आई फिल्म ‘बागी 2’ में इस गाने का रीक्रिएटेड वर्जन भी आया था, जिसमें जैकलीन फर्नांडिस ने परफॉर्म किया।