क्या आप तैयार हैं? 'सोनू के टीटू की स्वीटी' फिर से आ रही है बड़े पर्दे पर!
नुसरत भरूचा का खास ऐलान
मुंबई, 2 मार्च। हिंदी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री नुसरत भरूचा ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया।
इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "एक बार फिर हंसी और भावनाओं का अनुभव करें। 'सोनू के टीटू की स्वीटी' 6 मार्च को सिनेमाघरों में फिर से प्रदर्शित हो रही है।"
उनके इस पोस्ट पर कुछ ही घंटों में हजारों व्यूज और लाइक्स आ चुके हैं। फैंस इस फिल्म के पुनः रिलीज होने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
लव रंजन द्वारा निर्देशित 'सोनू के टीटू की स्वीटी' एक हिंदी कॉमेडी फिल्म है, जो 2018 में आई थी। इस फिल्म में नुसरत भरूचा के साथ कार्तिक आर्यन और सनी सिंह भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी दोस्ती और रोमांस के बीच के संघर्ष को दर्शाती है, जहां सोनू (कार्तिक) अपने दोस्त टीटू (सनी) को स्वीटी (नुसरत) से बचाने की कोशिश करता है।
'सोनू के टीटू की स्वीटी' हिंदी कॉमेडी फिल्मों में से एक सफलतम फिल्म मानी जाती है, जिसका निर्माण लव रंजन, भूषण कुमार, किशन कुमार और अंकुर गर्ग ने मिलकर किया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी और 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी।
नुसरत भरूचा का जन्म 17 मई, 1985 को मुंबई के एक दाउदी बोहरा मुस्लिम परिवार में हुआ। उन्हें 2011 में आई फिल्म 'प्यार का पंचनामा' से पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने कई सफल बॉलीवुड फिल्मों में काम किया, जिनमें 'सोनू के टीटू की स्वीटी', 'ड्रीम गर्ल', 'छोरी', 'जनहित में जारी', 'राम सेतु', और 'छलांग' शामिल हैं।
नुसरत ने अपने करियर की शुरुआत टीवी विज्ञापनों से की और 2006 में 'जय संतोषी मां' फिल्म से अपने अभिनय की शुरुआत की। उन्हें उनके विविध और दमदार रोल के लिए जाना जाता है। आज, वह देश की सबसे प्रसिद्ध और सफल अभिनेत्रियों में से एक मानी जाती हैं।