×

क्या आप तैयार हैं? 'ढिंढोरा 2' अब नेटफ्लिक्स पर लाएगा नया मजा!

भुवन बाम की चर्चित सीरीज 'ढिंढोरा 2' अब नेटफ्लिक्स पर दस्तक देने के लिए तैयार है। पहले सीजन की सफलता के बाद, फैंस को इस नए सीजन का बेसब्री से इंतजार है। भुवन ने बताया कि इस बार कहानी में पहले से ज्यादा पागलपन होगा, लेकिन पुरानी पहचान भी बरकरार रहेगी। जानें इस सीजन में क्या खास होगा और दर्शकों को क्या उम्मीदें हैं।
 

भुवन बाम की 'ढिंढोरा 2' का इंतजार खत्म

मुंबई, 23 सितंबर। कंटेंट क्रिएटर और अभिनेता भुवन बाम की चर्चित सीरीज 'ढिंढोरा' के दूसरे सीजन का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। यह सीरीज 2021 में यूट्यूब पर लॉन्च हुई थी और इसने भुवन के किरदारों को हर घर में पहचान दिलाई। अब, 'ढिंढोरा 2' एक बड़े प्लेटफॉर्म, नेटफ्लिक्स, पर आने के लिए तैयार है।


सीरीज की पहली झलक सामने आने के बाद फैंस में उत्साह और बढ़ गया है। भुवन ने बताया कि इस सीजन को दर्शकों तक लाना उनके लिए आसान नहीं था। इसके लिए उन्हें कई ड्राफ्ट, जोक्स और कहानी पर बार-बार काम करना पड़ा।


भुवन बाम ने 'ढिंढोरा 2' के निर्माण के सफर और अपने जुड़ाव के बारे में एक विशेष बातचीत में खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा, ''यह सीरीज मेरे लिए बहुत खास है। इसके किरदार मेरे और दर्शकों के साथ बड़े हुए हैं। सीजन 2 पर लंबे समय से काम चल रहा था और अब जब इसकी पहली झलक सामने आई है, तो यह मेरे लिए एक यादगार पल है।''


भुवन ने आगे कहा, '''ढिंढोरा 2' में पहले सीजन से ज्यादा पागलपन होगा, लेकिन इसकी सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसमें पुरानी दुनिया का मजा और अपनापन बना रहेगा। मैं नहीं चाहता कि बड़े प्लेटफॉर्म पर जाने के कारण शो अपनी असली पहचान खो दे। इसलिए कहानी को बड़ा करने के साथ-साथ उन चीजों को भी संभालकर रखा गया है, जिनसे दर्शक पहले सीजन में जुड़े थे।''


उन्होंने कहा, ''सीजन 2 को तैयार करने में सबसे बड़ी चुनौती कहानी थी। इस प्रोजेक्ट पर कई ड्राफ्ट लिखे गए। मेरा उद्देश्य था कि जो कहानी दर्शकों तक पहुंचे, वह उन्हें सही लगे और मेरी मौजूदा सोच से भी जुड़ सके।''


भुवन ने कहा, ''अब 'ढिंढोरा 2' जिस स्तर पर पहुंचा है, वह आज की सोच और परिपक्वता से जुड़ा हुआ है। सीरीज में कुछ ऐसे मुद्दों को भी छूने की कोशिश की गई है, जिन पर मैं खुद भरोसा करता हूं। मुझे उम्मीद है कि पुराने फैंस को इसमें वही अपनापन मिलेगा, जिसके लिए वे इस सीरीज को पसंद करते आए हैं। साथ ही नई ऑडियंस भी इस कहानी और इसके किरदारों से जुड़ पाएगी।''


बीबीकेवी प्रोडक्शन्स के फाउंडर और प्रोड्यूसर रोहित राज ने भी 'ढिंढोरा' के इस सफर को खास बताया। उन्होंने कहा, ''एक स्वतंत्र यूट्यूब सीरीज से नेटफ्लिक्स तक पहुंचना एक बड़ा सफर रहा है। दूसरे सीजन को बड़े स्तर पर बनाने की कोशिश की गई है, लेकिन टीम ने यह भी ध्यान रखा कि पहले सीजन की मस्ती, पागलपन और पहचान कहीं खो न जाए।''


नेटफ्लिक्स ने हाल ही में 'ढिंढोरा 2' की पहली झलक जारी की थी, जिसमें 'बीबी की वाइन्स' की दुनिया और इसके पसंदीदा किरदारों की वापसी देखने को मिली। इस बार कहानी बड़े कैनवास पर दिखाई जाएगी और टीटू मामा एक बार फिर इस पूरे पागलपन के बीच महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे।


'ढिंढोरा' का पहला सीजन 2021 में यूट्यूब पर रिलीज हुआ था और इसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। अब दूसरे सीजन के साथ यह फ्रेंचाइजी नेटफ्लिक्स पर आ रही है। 'ढिंढोरा 2' को भुवन बाम और रोहित राज ने प्रोड्यूस किया है, जबकि इसका निर्देशन स्नेहा शेट्टी कोहली ने किया है।