क्या आप जानते हैं महाराजा अग्रसेन की कहानी? करणवीर बोहरा की नई फिल्म 'सूर्यवंशी अग्रसेन' में जानें!
फिल्म 'सूर्यवंशी अग्रसेन' का पोस्टर हुआ जारी
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर। अभिनेता करणवीर बोहरा ने हाल ही में अपनी आने वाली फिल्म 'सूर्यवंशी अग्रसेन' का पोस्टर लॉन्च किया। यह फिल्म महान राजा महाराजा अग्रसेन के जीवन और उनके योगदान पर आधारित है।
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान, पूरी टीम ने मीडिया से बातचीत की।
करणवीर बोहरा ने इस फिल्म के बारे में कहा, "मैं सभी को महाराजा सूर्यवंशी अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं देता हूं। फिल्म की मुख्य अभिनेत्री प्राची बंसल और प्रोड्यूसर रामजी अग्रवाल के प्रयासों से यह कहानी न केवल अग्रवाल समुदाय बल्कि पूरे देश और दुनिया में पहुंचेगी। हम सभी रामायण और महाभारत के बारे में जानते हैं, लेकिन महाराजा सूर्यवंशी अग्रसेन के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं इस फिल्म के आने से बहुत खुश और उत्साहित हूं, क्योंकि इससे लोगों को महाराजा सूर्यवंशी अग्रसेन के बारे में जानकारी मिलेगी। मैंने इस फिल्म में सूर्यवंशी महाराज का किरदार निभाया है।"
करणवीर बोहरा ने सीजेपी प्रदर्शन पर कहा, "यह महाराज अग्रसेन जी का आशीर्वाद है कि हम इस बड़े प्रोटेस्ट में दिल्ली पहुंचे हैं और हमें विश्वास है कि जो भी समस्या है, वह महाराज सुलझा देंगे।"
अभिनेत्री प्राची बंसल ने कहा, "हमारी फिल्म 'महाराजा सूर्यवंशी अग्रसेन' जल्द ही रिलीज होगी। मैं अपने प्रोड्यूसर का आभार व्यक्त करना चाहती हूं कि उन्होंने मुझे इस फिल्म का हिस्सा बनने का अवसर दिया। मुझे यकीन है कि फिल्म देखने के बाद लोग उनकी कहानी के बारे में और अधिक जानेंगे।"
प्राची ने बताया कि फिल्म में काम करने से पहले उन्होंने महाराजा सूर्यवंशी अग्रसेन के बारे में गहन रिसर्च की थी।
प्रोड्यूसर रामजी अग्रवाल का मानना है कि इस फिल्म के माध्यम से लोग जानेंगे कि महाराजा अग्रसेन कौन थे। उन्होंने कहा, "मेरी फिल्म बनाने का उद्देश्य यही है कि यह सभी के पास पहुंचे और लोग जानें कि कैसे महाराजा अग्रसेन ने अपने जीवन में कई नेक कार्य किए और महाभारत काल में भी उनका योगदान रहा।"