क्या आप जानते हैं बॉलीवुड की 'गोल्डन गर्ल्स' की अनोखी दोस्ती के बारे में?
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्रियों की पहाड़ों की यात्रा
मुंबई, 07 अक्टूबर (वेब वार्ता)। प्रसिद्ध अभिनेत्री आशा पारेख इन दिनों अभिनेत्री वहीदा रहमान और हेलन के साथ पहाड़ों की खूबसूरत यात्रा पर हैं। बुधवार को उन्होंने अपने इस वेकेशन की एक झलक साझा की।
आशा पारेख ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें तीनों गर्मजोशी से बैठी हुई नजर आ रही हैं। उन्होंने लिखा, “पहाड़ों में अपने प्रिय दोस्तों हेलेन और वहीदा रहमान के साथ। उनके साथ यात्रा करना और समय बिताना हमेशा सुखद होता है।”
वहीदा रहमान, आशा पारेख और हेलेन की दोस्ती हिंदी सिनेमा की सबसे पुरानी और खूबसूरत मिसालों में से एक मानी जाती है। इन्हें बॉलीवुड की ‘गोल्डन गर्ल्स’ कहा जाता है, जिनकी दोस्ती आज भी अटूट है।
हालांकि, इस दौर की शीर्ष अभिनेत्रियों के बीच कभी प्रतिस्पर्धा या ईर्ष्या नहीं रही। उनका रिश्ता आपसी सम्मान और गहरे स्नेह पर आधारित है। तीनों को सजना-संवरना और पार्टियों में शामिल होना बहुत पसंद है। वे अक्सर साथ में डिनर, गेट-टुगेदर और विदेश यात्रा करती हैं, जिनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि इन तीनों ने अपने लंबे करियर में कभी भी एक साथ किसी फिल्म में काम नहीं किया।
कहा जाता है कि आशा पारेख के जीवन में एक ऐसा समय आया था जब वह डिप्रेशन का सामना कर रही थीं। उस कठिन समय में वहीदा रहमान और हेलन ने उनका साथ नहीं छोड़ा। वास्तव में, उस दौर में जब आशा अकेलेपन और गहरे अवसाद से जूझ रही थीं, तब वहीदा और हेलन ने उन्हें सहारा दिया और यह अहसास कराया कि वे अकेली नहीं हैं।
आशा पारेख ने कई इंटरव्यू में इस बात का जिक्र किया है कि जब वह डिप्रेशन के दौर से गुजर रही थीं, तब वहीदा रहमान और हेलन उनके साथ खड़ी थीं।
इस खास महिला मंडली में वहीदा और आशा के अलावा, सायरा बानो और दिवंगत शम्मी आंटी भी शामिल थीं, जो हर सुख-दुख में एक-दूसरे की ताकत बनीं।