क्या आप जानते हैं परेश रावल का वो डायलॉग वैंकूवर में भी गूंजा?
परेश रावल का आइकॉनिक डायलॉग वैंकूवर में
मुंबई, 10 सितंबर। प्रसिद्ध अभिनेता परेश रावल और पूर्व ब्यूटी क्वीन स्वरूप संपत ने हाल ही में एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने पुरानी यादों को ताजा किया। इस पोस्ट में स्वरूप ने बताया कि उन्हें कनाडा के वैंकूवर में अपने पति परेश रावल के मशहूर डायलॉग वाला एक पोस्टर देखने को मिला।
स्वरूप ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें दीवार पर परेश रावल का पोस्टर लगा हुआ था, जिस पर लिखा था, "तेजा मैं हूं, मार्क इधर है।"
तस्वीर में स्वरूप उस इंस्टॉलेशन के पास पोज देती नजर आ रही हैं और अपने चेहरे की ओर इशारा कर रही हैं, जो डायलॉग के अर्थ को स्पष्ट कर रहा है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "इस आइकॉनिक डायलॉग 'तेजा मैं हूं, मार्क इधर है' का असर इतना गहरा है कि यह वैंकूवर तक पहुंच गया। कनाडा में परेश रावल, तुम्हारी याद आ रही है!"
यह डायलॉग फिल्म 'अंदाज अपना अपना' से लिया गया है, जिसमें परेश रावल ने तेजा का किरदार निभाया था। इस सीन में, अभिनेता के चेहरे पर मौजूद तिल और निशान उसे उसके जुड़वां भाई से अलग करते हैं। यह लाइन हिंदी सिनेमा के सबसे प्रसिद्ध कॉमिक डायलॉग में से एक बन गई है।
फिल्म 'अंदाज अपना अपना' (1994) में परेश रावल ने रामगोपाल बजाज और तेजा का डबल रोल निभाया था। रामगोपाल बजाज एक सीधे-साधे और अमीर उद्योगपति हैं, जबकि तेजा उनके जुड़वां भाई हैं, जो चालाकी से राम गोपाल की संपत्ति हड़पना चाहता है।
यह फिल्म 1994 की एक प्रसिद्ध हिंदी कॉमेडी है, जिसे भारतीय सिनेमा की बेहतरीन कल्ट क्लासिक फिल्मों में गिना जाता है। रिलीज के समय यह बॉक्स ऑफिस पर औसत प्रदर्शन कर पाई थी।
हालांकि, समय के साथ इस फिल्म को टेलीविजन और अन्य माध्यमों पर दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। इसके अनोखे संवाद, किरदारों की कॉमिक टाइमिंग और बेहतरीन कॉमेडी दृश्यों ने इसे एक ऐतिहासिक और लीजेंड्री फिल्म बना दिया है। 'क्राइम मास्टर गोगो' और 'तेजा मैं हूं, मार्क इधर है' जैसे डायलॉग आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं।