क्या आप जानते हैं 'जिंदगी न मिलेगी दोबारा' के 15 साल पूरे होने पर कल्कि कोचलिन ने क्या कहा?
कल्कि कोचलिन ने साझा की पुरानी यादें
मुंबई, 15 जुलाई। निर्देशक जोया अख्तर की मशहूर फिल्म 'जिंदगी न मिलेगी दोबारा' ने बुधवार को अपनी रिलीज के 15 साल पूरे कर लिए। 2011 में आई इस फिल्म ने दर्शकों को जीवन के हर पल को जीने, अपने डर पर काबू पाने और रिश्तों की अहमियत को समझने का संदेश दिया।
इस खास मौके पर, अभिनेत्री कल्कि कोचलिन ने इंस्टाग्राम पर फिल्म से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को ताजा किया।
कल्कि ने फिल्म की कास्ट के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "'जिंदगी न मिलेगी दोबारा' - सूरज की रोशनी, जवानी, हर सांस और खूबसूरत यादों के लिए धन्यवाद। दुआ है कि ये यादें आने वाली कई पीढ़ियों तक हमेशा जिंदा रहें।"
जोया अख्तर द्वारा निर्देशित यह कॉमेडी-ड्रामा फिल्म तीन दोस्तों की कहानी है - ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर और अभय देओल, जो स्पेन में तीन सप्ताह की रोड ट्रिप पर निकलते हैं। इस यात्रा के दौरान, वे अपने डर का सामना करते हैं और जीवन को एक नए दृष्टिकोण से जीना सीखते हैं।
फिल्म का संदेश है कि वर्तमान में जीना और जीवन के हर पल का आनंद लेना कितना आवश्यक है। इसमें ऋतिक रोशन का किरदार अर्जुन, जो शुरुआत में केवल पैसे और करियर को महत्व देता है, यात्रा के दौरान समझता है कि असली खुशी रिश्तों, प्यार और जीवन के अनुभवों में है।
फिल्म को रिलीज के समय दर्शकों और समीक्षकों से बहुत सराहना मिली थी। आज भी यह दर्शकों के बीच लोकप्रिय है और सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा होती रहती है। फिल्म में ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर, अभय देओल, कटरीना कैफ और कल्कि कोचलिन ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।
फिल्म का संगीत शंकर-एहसान-लॉय ने तैयार किया था, जिसमें जावेद अख्तर द्वारा लिखी गई शायरी और गीत जैसे 'दिल धड़कने दो' और 'ख्वाबों के परिंदे' बेहद प्रसिद्ध हैं। फरहान अख्तर द्वारा फिल्म में पढ़ी गई कविताएं, जैसे 'पिघले नीलम सा...' आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई हैं।