×

क्या आप जानते हैं चेतन भगत की किताबों पर बनी ये हिट फिल्में?

चेतन भगत की कहानियों पर आधारित कई फिल्में बॉलीवुड में हिट रही हैं। '3 इडियट्स', 'काय पो छे', और 'टू स्टेट्स' जैसी फिल्में युवाओं के दिलों को छूने में सफल रही हैं। जानें इन फिल्मों की कहानियों और उनके पीछे की प्रेरणा के बारे में।
 

चेतन भगत की कहानियों पर आधारित सफल फिल्में


मुंबई, 21 अप्रैल। बॉलीवुड में कई ऐसी फिल्में हैं जो साहित्य से प्रेरित हैं, लेकिन कुछ लेखक ऐसे हैं जिनकी कहानियां युवाओं के दिलों को छू जाती हैं। चेतन भगत उनमें से एक हैं। 22 अप्रैल 1974 को जन्मे चेतन की रचनाओं में प्यार, दोस्ती, करियर की चुनौतियां और पारिवारिक रिश्तों को सरलता से दर्शाया गया है। यही कारण है कि उनकी किताबों पर आधारित फिल्में दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय होती हैं।


पहले बात करते हैं '3 इडियट्स' की, जो उनके उपन्यास 'फाइव पॉइंट समवन' से प्रेरित है। इस फिल्म में आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी जैसे सितारे हैं। कहानी तीन दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं।


इस फिल्म ने दर्शकों को यह सिखाया कि नंबरों और डिग्रियों के पीछे भागने के बजाय, हमें वही काम करना चाहिए जिसमें हमारी रुचि हो। इसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया और यह एक बड़ी हिट साबित हुई।


'काय पो छे' भी चेतन भगत की किताब 'थ्री मिस्टेक्स ऑफ माय लाइफ' पर आधारित है। यह फिल्म तीन दोस्तों की कहानी है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष करते हैं। इसमें सुशांत सिंह राजपूत, राजकुमार राव और अमित साध मुख्य भूमिकाओं में हैं। तीनों दोस्त मिलकर एक स्पोर्ट्स दुकान और क्रिकेट अकादमी खोलते हैं, लेकिन जीवन में आए हादसे, राजनीति और आपसी गलतफहमियां उनकी दोस्ती को चुनौती देती हैं। यह फिल्म दोस्ती, सपनों और संघर्ष की कहानी है, जिसे दर्शकों और समीक्षकों ने सराहा।


आलिया भट्ट और अर्जुन कपूर की 'टू स्टेट्स' भी चेतन भगत के प्रसिद्ध उपन्यास 'टू स्टेट्स: द स्टोरी ऑफ माय मैरिज' पर आधारित है। यह एक पंजाबी लड़के और तमिल लड़की की प्रेम कहानी है। दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं, लेकिन असली चुनौती उनके परिवारों को मनाना होता है।


फिल्म यह दर्शाती है कि भारत में शादी केवल दो व्यक्तियों के बीच नहीं होती, बल्कि यह दो परिवारों की भी होती है। इसमें हास्य, भावनाएं और परिवार के महत्व को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है। यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और खासकर युवाओं को बहुत पसंद आई।


2017 में आई 'हाफ गर्लफ्रेंड' चेतन भगत के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित है, जो 2014 में प्रकाशित हुआ था। इसमें अर्जुन कपूर और श्रद्धा कपूर हैं। यह कहानी बिहार के एक लड़के माधव की है, जो अच्छी अंग्रेजी नहीं बोल पाता लेकिन दिल का साफ होता है। उसे एक अमीर लड़की रिया से प्यार हो जाता है। दोनों के बीच एक रिश्ता बनता है, लेकिन वह पूरी तरह से नहीं बन पाता, इसलिए उसे 'हाफ गर्लफ्रेंड' कहा जाता है। कहानी में प्यार, दूरी, गलतफहमियां और पुनर्मिलन का सफर दिखाया गया है।


इसके अलावा, सलमान खान की फिल्म 'हैलो' भी उनके उपन्यास 'वन नाइट एट कॉल सेंटर' पर आधारित थी। यह फिल्म कॉल सेंटर में काम करने वाले लोगों की जिंदगी और उनकी परेशानियों को दर्शाती है। फिल्म में एक दिलचस्प मोड़ तब आता है जब उन्हें भगवान की तरफ से फोन आता है, जो उनकी जिंदगी बदल देता है।