क्या आप जानते हैं अरुणा ईरानी का पहला ऑडिशन दिलीप कुमार के सामने हुआ था?
अरुणा ईरानी की यादगार ऑडिशन कहानी
मुंबई, 4 जून। अनुभवी अभिनेत्री अरुणा ईरानी, जो हिंदी सिनेमा में एक प्रतिष्ठित नाम बन चुकी हैं, ने हाल ही में अपने पहले ऑडिशन की दिलचस्प यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि कैसे एक साधारण दिन में वेफर्स और ठंडा पीते हुए उन्हें एक ऐसा अवसर मिला जिसने उनकी जिंदगी को बदल दिया।
रियलिटी शो 'तुम हो ना– घर की सुपरस्टार' के एक एपिसोड में, अरुणा ने अपने प्रारंभिक दिनों को याद करते हुए कहा, ''जब मैं छोटी थी, तब एक कास्टिंग टीम मेरे अपार्टमेंट में बच्चों की तलाश में आई थी। उन्होंने बच्चों को बताया कि जो भी अभिनय में रुचि रखता है, वह ऑडिशन देने आ सकता है। बच्चों को आकर्षित करने के लिए उन्होंने वेफर्स और कोल्ड ड्रिंक्स की व्यवस्था की थी। यह सुनकर मैं बहुत उत्साहित हो गई और अपने दोस्तों को भी साथ ले जाने के लिए मना लिया।''
अरुणा ने हंसते हुए कहा, ''ऑडिशन के दौरान मैं एक कोने में खड़ी होकर कोल्ड ड्रिंक पी रही थी और वेफर्स खा रही थी। तभी किसी ने मुझे देखा और बुलाया। जब मैं वहां पहुंची, तो मुझे पता चला कि सामने हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार बैठे हैं।''
इस पल को याद करते हुए उन्होंने कहा, ''दिलीप कुमार ने मुझसे पूछा कि क्या मैं डायलॉग बोल सकती हूं। मैंने हाथ साफ किए, नमस्ते किया और हां में जवाब दिया। उन्होंने मुझे एक छोटा-सा डायलॉग दिया- 'काका, काका, मुझे बहुत डर लग रहा है।' उन्होंने समझाया कि इसे डर के भाव के साथ बोलना है। मैंने पूरे आत्मविश्वास के साथ इसे बोला।''
अभिनेत्री ने आगे कहा, ''डायलॉग बोलने के बाद मुझे शॉर्टलिस्ट कर लिया गया। यही वह क्षण था जिसने मेरे फिल्मी करियर की शुरुआत की। अगर उस दिन मैं ऑडिशन देने नहीं जाती, तो शायद मेरी जिंदगी की दिशा कुछ और होती।''
शो के होस्ट राजीव खंडेलवाल ने इस कहानी को सुनकर आश्चर्य व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ''कल्पना कीजिए, किसी कलाकार का पहला ऑडिशन हो और वह सीधे दिलीप कुमार जैसे महान सुपरस्टार के सामने हो। यह किसी सपने के सच होने जैसा है।''
जब राजीव ने पूछा कि क्या उनके परिवार ने अभिनय करियर के लिए उनका समर्थन किया, तो अरुणा ने बताया, ''मेरे परिवार का माहौल पहले से ही कला और अभिनय से जुड़ा हुआ था। मेरे पिता की अपनी ड्रामा कंपनी थी और मां भी अभिनेत्री थीं, इसलिए परिवार ने कभी मेरे अभिनय करियर का विरोध नहीं किया, बल्कि मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।''