×

क्या आप जानते हैं 30 मई को जन्मी ये दो अदाकारा हैं कौन? कीर्ति कुल्हारी और जेनिफर विंगेट का खास दिन!

30 मई को जन्मी कीर्ति कुल्हारी और जेनिफर विंगेट ने अपने अभिनय से मनोरंजन जगत में खास पहचान बनाई है। कीर्ति ने फिल्मों और ओटीटी में अपनी छाप छोड़ी है, जबकि जेनिफर ने टीवी इंडस्ट्री में अपनी खूबसूरती और अभिनय से लाखों दिल जीते हैं। जानें इनकी करियर यात्रा और निजी जिंदगी के बारे में।
 

मनोरंजन जगत की दो चमकती सितारे


नई दिल्ली, 29 मई। 30 मई केवल एक तारीख नहीं है, बल्कि यह दिन दो ऐसी अदाकाराओं का जन्मदिन है जिन्होंने अपने टैलेंट और खूबसूरती से फिल्म इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बनाई है। हम बात कर रहे हैं कीर्ति कुल्हारी और जेनिफर विंगेट की, जिनका जन्म 30 मई 1985 को हुआ। कीर्ति ने फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी छाप छोड़ी है, जबकि जेनिफर टीवी की सबसे लोकप्रिय और स्टाइलिश अभिनेत्रियों में से एक मानी जाती हैं।


कीर्ति कुल्हारी उन अभिनेत्रियों में से हैं जिन्होंने हमेशा से ही अलग और मजबूत किरदारों का चयन किया है। राजस्थान के झुंझुनू में जन्मी कीर्ति ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में फिल्म 'खिचड़ी: द मूवी' से की। हालांकि, उन्हें असली पहचान फिल्म 'शैतान' से मिली। इसके बाद उन्होंने 'पिंक', 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक', 'मिशन मंगल', 'इंदु सरकार' और 'क्रिमिनल जस्टिस' जैसी फिल्मों और वेब सीरीज में शानदार अभिनय किया।


ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी कीर्ति ने अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी वेब सीरीज 'फोर मोर शॉट्स प्लीज!' और 'ह्यूमन' में अदाकारी को दर्शकों ने काफी सराहा। उनका बोल्ड और आत्मविश्वासी अंदाज दर्शकों को भाता है, जिससे वह लाखों लोगों की पसंदीदा बन चुकी हैं।


अगर हम उनकी निजी जिंदगी की बात करें, तो कीर्ति ने 2016 में अभिनेता साहिल सहगल से भूटान में शादी की थी। हालांकि, 2021 में दोनों ने अलग होने का निर्णय लिया। कीर्ति ने तलाक के बाद कहा था कि यह फैसला उनके आत्मसम्मान और व्यक्तिगत विकास के लिए आवश्यक था। वर्तमान में उनका नाम अभिनेता राजीव सिद्धार्थ के साथ जोड़ा जा रहा है, और उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी रहती हैं।


वहीं, जेनिफर उन अभिनेत्रियों में से हैं जिन्होंने छोटे पर्दे पर अपने अभिनय से अलग मुकाम हासिल किया है। मुंबई में जन्मी जेनिफर ने बहुत छोटी उम्र में ही अभिनय की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्म 'अकेले हम अकेले तुम' से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह कई फिल्मों में नजर आईं, लेकिन उन्हें असली पहचान टीवी इंडस्ट्री से मिली।


जेनिफर ने 'शाका लाका बूम बूम', 'कसौटी जिंदगी की', 'दिल मिल गए', 'सरस्वतीचंद्र', 'बेहद' और 'बेपनाह' जैसे सुपरहिट शोज में काम किया, जिसने उन्हें घर-घर में मशहूर बना दिया। खासकर 'बेहद' में माया के किरदार ने उनकी लोकप्रियता को नई ऊंचाई दी। जेनिफर न केवल खूबसूरत हैं, बल्कि एक बेहतरीन अभिनेत्री भी हैं। उनके एक्सप्रेशंस और स्क्रीन प्रेजेंस के लाखों लोग दीवाने हैं।


जेनिफर ने टीवी के साथ-साथ ओटीटी की दुनिया में भी कदम रखा और वेब सीरीज 'कोड एम' में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्हें कई बड़े पुरस्कार भी मिल चुके हैं और वह टीवी इंडस्ट्री की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली अभिनेत्रियों में से एक हैं।


जेनिफर की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही है। अभिनेता करण सिंह ग्रोवर के साथ उनकी लव स्टोरी टीवी इंडस्ट्री की चर्चित कहानियों में से एक रही। दोनों की मुलाकात शो के सेट पर हुई थी और धीरे-धीरे दोनों करीब आ गए। साल 2012 में दोनों ने शादी कर ली, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और दोनों अलग हो गए। तलाक के बाद जेनिफर ने खुद को संभाला और अपने करियर पर ध्यान केंद्रित किया। आज वह अपनी सिंगल लाइफ को खुलकर एंजॉय कर रही हैं।