क्या 2028 में आएगा 'रामायण 2'? जानें निर्माता की नई योजना
फिल्म 'रामायण' के दूसरे भाग की संभावित रिलीज
मुंबई, 24 अक्टूबर (वेब वार्ता)। रणबीर कपूर और साई पल्लवी की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'रामायण' के पहले भाग की रिलीज से पहले ही इसके दूसरे भाग के बारे में नई जानकारी सामने आई है। रिपोर्टों के अनुसार, नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित 'रामायण 2' की रिलीज को 2027 की दिवाली से बढ़ाकर 2028 तक टालने की योजना बनाई जा रही है।
निर्माता नमित मल्होत्रा दूसरे भाग के निर्माण के लिए अधिक समय लेना चाहते हैं, ताकि दर्शकों को एक शानदार सिनेमाई अनुभव मिल सके। हालांकि, अभी तक निर्माताओं ने रिलीज में बदलाव के बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि नमित मल्होत्रा के लिए 'रामायण' सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि यह एक भावनात्मक परियोजना है। निर्माता इसे वैश्विक स्तर पर एक विशेष पहचान दिलाने के लिए हर पहलू पर ध्यान दे रहे हैं। पहले भाग की रिलीज नजदीक है, लेकिन दूसरे भाग की शूटिंग और निर्माण के लिए अभी और समय की आवश्यकता है। बताया जा रहा है कि फिल्म के एक्शन दृश्यों को तैयार करने में अपेक्षा से अधिक समय लग रहा है। निर्माता कुछ नए और बड़े एक्शन सीक्वेंस शामिल करना चाहते हैं, जिससे दूसरे भाग का दायरा और भी भव्य हो सके।
नमित मल्होत्रा 'रामायण' के माध्यम से भारतीय महाकाव्य को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से दूसरे भाग के निर्माण में जल्दबाजी करने के बजाय गुणवत्ता और भव्यता पर जोर दिया जा रहा है। फिल्म की नई रिलीज तारीख का ऐलान कब होगा, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। दर्शकों को अब निर्माताओं की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।