×

कृतिका कामरा ने 'मटका किंग' में गुलरुख के लुक के पीछे की कहानी साझा की

कृतिका कामरा ने हाल ही में 'मटका किंग' में अपने किरदार गुलरुख के लुक के लिए 60 और 70 के दशक के मुंबई के फैशन और माहौल का गहराई से अध्ययन किया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने उस समय की मशहूर अभिनेत्रियों के स्टाइल को समझा और अपने किरदार को जीवंत बनाने के लिए हर छोटी चीज का ध्यान रखा। जानें इस किरदार के पीछे की प्रेरणा और तैयारी की पूरी कहानी।
 

गुलरुख का किरदार: 60 और 70 के दशक का जादू


मुंबई, 23 अप्रैल। भारतीय ओटीटी प्लेटफार्मों और सिनेमा में जब भी अतीत को फिर से जीवंत किया जाता है, तो इसके पीछे गहन शोध होता है। हाल ही में, वेब सीरीज़ 'मटका किंग' में अभिनेत्री कृतिका कामरा ने अपने किरदार गुलरुख के माध्यम से 1960 और 1970 के दशक के मुंबई के फैशन और माहौल को पुनर्जीवित किया।


कृतिका ने इस किरदार के लिए न केवल उस समय की प्रसिद्ध फिल्मों और सितारों का अध्ययन किया, बल्कि उस युग की वास्तविक जीवनशैली, फैशन और सामाजिक परिवेश को भी समझने का प्रयास किया।


उन्होंने बताया कि उनके किरदार के लुक की शुरुआत एक विशेष तस्वीर से हुई, जिसे निर्देशक नागराज सर ने उन्हें दिखाई थी। यह तस्वीर परवीन बॉबी की थी। कृतिका ने कहा, ''इसके बाद, टीम ने जीनत अमान, शर्मिला टैगोर और रेखा जैसी दिग्गज अभिनेत्रियों के स्टाइल और व्यक्तित्व का भी अध्ययन किया। कॉस्ट्यूम डिजाइनर प्रियंका दुबे के साथ कई ट्रायल किए गए ताकि हर आउटफिट उस समय की वास्तविकता को सही तरीके से दर्शा सके।''


कृतिका ने आगे कहा, ''टीम ने उस युग की असली तस्वीरों और दस्तावेजों का भी अध्ययन किया, जिसमें जैज क्लब, रेसिंग इवेंट्स और पारसी कार्यक्रमों की तस्वीरें शामिल थीं। इन सब चीजों ने यह समझने में मदद की कि उस समय लोग कैसे रहते थे और क्या पहनते थे। यही कारण है कि गुलरुख का किरदार केवल एक फैशनेबल लुक नहीं, बल्कि एक जीवंत युग का अनुभव देता है।''


उन्होंने कहा, ''मेरे किरदार को तैयार करने में केवल कपड़े या मेकअप पर ध्यान नहीं दिया गया, बल्कि हर छोटी चीज का ध्यान रखा गया। हेयरस्टाइल से लेकर जूतों और एक्सेसरीज तक सब कुछ बहुत सोच-समझकर चुना गया। इन बारीकियों के कारण मुझे अपने किरदार में ढलने और गुलरुख के आत्मविश्वास को समझने में मदद मिली। जब तक किरदार का लुक सही नहीं होता, तब तक उसकी असली भावना को पर्दे पर लाना मुश्किल होता है।''