कुमार सानू ने खोला 'मेलोडी किंग' का राज, गाने में खुद को समझते हैं हीरो!
कुमार सानू की गायकी का अनोखा तरीका
मुंबई, 18 नवंबर। प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर कुमार सानू अपनी रोमांटिक आवाज और मधुर गीतों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में एक बातचीत में, उन्होंने अपनी गायकी की तकनीक के बारे में खुलासा किया।
इस बातचीत में, जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने लगभग सभी बड़े सितारों के लिए गाया है, तो कुमार ने कहा, "इसका मतलब है कि मैं हीरो हूं। जब मैं गाना गाता हूं, तो खुद को हीरो मानता हूं। मेरी गायकी में एक खास स्टाइल है, जिसे विजुअल सिंगिंग कहते हैं। शायद यह किसी ने नहीं कहा होगा, लेकिन मैं पहली बार बता रहा हूं कि जब मैं गाता हूं, तो सोचता हूं कि मैं हीरोइन के साथ बगीचे में क्या कर रहा हूं। गाने के बोल लिखते समय, मेरे दिमाग में विजुअल इमेज बन जाती है, और यही कारण है कि गाने में जान महसूस होती है।"
उन्होंने आगे कहा कि जब लोग उन्हें 'मेलोडी किंग' कहते हैं, तो इसके पीछे यही राज है। "गाना गाने से पहले, मैं खुद को उस गाने का हीरो मान लेता हूं और उसी तरह एक्सप्रेशन देता हूं। बाद में, कौन सा हीरो लिप-सिंक करेगा, यह उसकी काबिलियत पर निर्भर करता है।"
कुमार ने यह भी बताया कि वे पर्दे के पीछे होते हैं और गाना गाते हैं, जबकि हीरो स्क्रीन पर होते हैं। "जो भी वो करेंगे, वो दिखेगा। हमने कैसे गाया, वो बाद में आएगा। पहले लोग देखेंगे कि स्क्रीन पर गाना कैसा लग रहा है। मैं ऐसे ही गाता था। लोग इसे इंटेलिजेंट, क्लासिकल बेस सिंगिंग और कई नामों से जानते हैं, लेकिन मेरे दिमाग में जो होता है, वही मेरी सिंगिंग में आता है, जिसे विजुअल सिंगिंग कहते हैं।"
कुमार सानू 90 के दशक के सबसे लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर्स में से एक माने जाते हैं। उन्होंने 1991 से 1995 तक लगातार पांच बार फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का पुरस्कार जीता और 2009 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया।