किच्चा सुदीप की एंट्री से 'अंडर 18' में बढ़ी उत्सुकता, जानें क्या है खास!
साउथ इंडस्ट्री में 'अंडर 18' की धूम
चेन्नई, 28 मई। साउथ फिल्म इंडस्ट्री में निर्देशक कार्तिक पेरुमल स्वामी की नई फिल्म 'अंडर 18' इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। फिल्म की कहानी को लेकर पहले से ही दर्शकों में उत्सुकता थी, लेकिन अब सुपरस्टार किच्चा सुदीप की एंट्री ने इसे और भी रोमांचक बना दिया है। मेकर्स ने इस बारे में गुरुवार को सोशल मीडिया पर आधिकारिक घोषणा की।
फिल्म के निर्माता एसआर प्रोडक्शंस ने अपने इंस्टाग्राम पर किच्चा सुदीप का स्वागत करते हुए लिखा, ''बादशाह आ चुके हैं। पावरहाउस परफॉर्मर किच्चा सुदीप का 'अंडर 18' में स्वागत है। सफर में एक बड़ा बदलाव अब शुरू होता है।''
किच्चा सुदीप के जुड़ने की खबर के बाद सोशल मीडिया पर फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोग अब यह जानने के लिए और भी उत्सुक हैं कि फिल्म में उनका किरदार कैसा होगा। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक उनके रोल के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है।
'अंडर 18' का निर्देशन कार्तिक पेरुमल स्वामी कर रहे हैं, जो पहले मशहूर निर्देशक वेत्रिमारन के साथ एसोसिएट डायरेक्टर के रूप में काम कर चुके हैं।
फिल्म में ऐश्वर्या राजेश और विक्रांत मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि अभिनेता किशोर भी महत्वपूर्ण भूमिका में होंगे। यह फिल्म एक इमोशनल ड्रामा है, जिसमें अपराध की दुनिया का ऐसा पहलू दिखाया जाएगा, जो आमतौर पर लोगों की नजरों से दूर रहता है। यह केवल अपराध की कहानी नहीं होगी, बल्कि यह भी दर्शाएगी कि एक घटना का पूरे परिवार पर क्या असर पड़ता है।
निर्देशक कार्तिक पेरुमल स्वामी ने इस कहानी के लिए तमिलनाडु के कई अनजान अपराध से जुड़े पहलुओं पर गहन शोध किया है। फिल्म की कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है और इसकी शूटिंग तमिलनाडु के होसुर, चेंगलपट्टू और चेन्नई में की जाएगी।