करीना कपूर का दिवाली लुक: क्या है इस ग्लैमरस अवतार की खासियत?
करीना कपूर का फेस्टिव लुक सोशल मीडिया पर छाया
मुंबई, 9 नवंबर। अभिनेत्री करीना कपूर खान का दिवाली के मौके पर प्रस्तुत किया गया फेस्टिव लुक सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। एक्ट्रेस ने अपने मुंबई स्थित घर की बालकनी में खूबसूरत सजावट के बीच पोज दिए, जिसमें रंग-बिरंगी लाइट्स और फूलों की सजावट शामिल थी। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर परिवार के साथ दिवाली मनाने की कई तस्वीरें साझा कीं।
करीना ने इस खास अवसर के लिए रिया कपूर द्वारा स्टाइल किया गया एक नवाबी लुक अपनाया। रिया ने बताया कि इस लुक में भोपाल के शाही परिवार की अनमोल ज्वेलरी का भी समावेश था।
रिया ने करीना के फेस्टिव लुक की तस्वीरें साझा करते हुए उन्हें असली मूवी स्टार करार दिया और उनके आउटफिट तथा ज्वेलरी के व्यक्तिगत महत्व को भी उजागर किया। करीना ने डिजाइनर पुनीत बलाना द्वारा तैयार किया गया बेज रंग का कफ्तान पहना था, जिस पर चांदी के तारों की बारीक कढ़ाई की गई थी। इसके साथ उन्होंने मैचिंग बेज रंग की पगड़ी (टर्बन) भी पहनी थी, जो उनके लुक को एक पारंपरिक नवाबी एहसास दे रही थी।
इस लुक का सबसे आकर्षक हिस्सा उनकी पगड़ी पर लगी लगभग 200 साल पुरानी हीरे-जवाहरात जड़ी 'कलगी' थी। यह कलगी पटौदी और भोपाल के शाही परिवार की विरासत है, जिसे सैफ अली खान ने अपनी शादी में पहना था। इससे पहले भोपाल के नवाब हमीदुल्लाह खान भी इसे पहनते थे।
रिया ने ज्वेलरी के पारिवारिक संबंधों को भी स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि ये ज्वेलरी करीना के अपने कलेक्शन से है और उनके पति सैफ अली खान के परिवार से आई है। सैफ की दादी साजिदा सुल्तान भोपाल के अंतिम शासक नवाब की बेटी थीं।
करीना की तस्वीरें साझा करते हुए रिया ने लिखा, "असली मूवी स्टार, असली चांदी, असली विरासत और असली पर्सनल स्टाइल। करीना पुनीत बालन के प्योर चांदी के काफ्तान और टर्बन में, भोपाल के नवाब की 200 साल पुरानी कलगी और भोपाल की बेगम का 30 कैरेट का पन्ना पहने हुए हैं, जिस पर आयतुल कुर्सी खुदी हुई है।"
करीना का दिवाली का आउटफिट पारंपरिक शिल्प कौशल, व्यक्तिगत स्टाइल और शाही परिवार के इतिहास का एक अनूठा मिश्रण था। विरासत वाली ज्वेलरी ने उनके फेस्टिव लुक में एक खास टच जोड़ा। बेबो ने अपने आउटफिट को स्टेटमेंट ज्वेलरी के साथ एक्सेसराइज किया, जिसमें एंटीक गोल्ड चोकर और पन्ना पेंडेंट वाला नेकलेस शामिल था।