×

कनिका कपूर की डेब्यू फिल्म 'बटवारा 1947': सनी देओल के साथ यादगार अनुभव साझा करतीं!

कनिका कपूर, जो बॉलीवुड में अपनी पहली फिल्म 'बटवारा 1947' के साथ कदम रख रही हैं, ने सनी देओल के साथ अपने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि कैसे सनी देओल के अभिनय ने उन्हें प्रभावित किया और प्रीति जिंटा की तारीफ ने उनके लिए एक खास पल बना दिया। जानें इस फिल्म के बारे में और कनिका के अनुभवों के बारे में!
 

कनिका कपूर की फिल्म 'बटवारा 1947' में सनी देओल का जादू




मुंबई, 11 अगस्त। बॉलीवुड में कदम रखने वाली कनिका कपूर इन दिनों अपनी पहली फिल्म 'बटवारा 1947' को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म, जिसका निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है, 1947 के भारत विभाजन की कहानी पर आधारित है।


इस फिल्म में कनिका कपूर के साथ करण देओल, अली फजल, शबाना आजमी और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। कनिका इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं और शूटिंग के दौरान के अनुभव साझा कर रही हैं। उन्होंने सनी देओल और प्रीति जिंटा के साथ बिताए कुछ खास लम्हों को भी बताया।


कनिका ने कहा, ''जब मैं राजवीर की फिल्म 'दोनों' में काम कर रही थी, तब मुझे सनी देओल से मिलने का मौका मिला। वह हमेशा बहुत विनम्र रहते थे। उनके साथ बिताया समय और उन्हें काम करते देखना मेरे लिए एक अद्भुत अनुभव था।''


सनी देओल के अभिनय को याद करते हुए कनिका ने कहा, ''कुछ सीन में मेरा छोटा सा रोल था। मैं उन्हें अभिनय करते हुए देखती थी। जिस तरह से वह अपने डायलॉग बोलते थे, वह अद्भुत था। हर टेक के बाद लोग तालियां बजाते थे। उन्हें देखना अपने आप में एक शानदार अनुभव था।''


कनिका ने अपनी डेब्यू फिल्म 'बटवारा 1947' की शूटिंग से जुड़ी एक भावुक याद साझा की। उन्होंने कहा, ''इस फिल्म में काम करना मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा था। शूटिंग के दौरान कई ऐसे पल थे जिन्हें मैं हमेशा याद रखूंगी, लेकिन करण देओल के साथ किया गया एक लुक टेस्ट मेरे लिए सबसे खास रहा।''


उन्होंने बताया, ''करण देओल के साथ फाइनल लुक टेस्ट के दिन मुझे एक इमोशनल सीन करने के लिए कहा गया। उस दिन प्रीति जिंटा और सनी देओल भी सेट पर थे। जैसे ही सीन खत्म हुआ, मेरी आंखों में आंसू थे और मैं लगातार रो रही थी।''


कनिका ने कहा, ''तभी मुझे तालियों की आवाज सुनाई दी। मैंने देखा कि सेट पर मौजूद लोग खड़े होकर मेरे लिए तालियां बजा रहे थे, जिनमें प्रीति जिंटा भी थीं। मुझे विश्वास नहीं हुआ, मैंने तुरंत अपने आंसू पोंछे और देखा कि प्रीति जिंटा मेरे अभिनय की तारीफ कर रही थीं।''


कनिका ने कहा, ''वह पल मेरे लिए बहुत खास था। मैंने प्रीति जिंटा को गले लगाया। उन्होंने मुझसे कहा कि आपने शानदार अभिनय किया। उनकी यह तारीफ मेरे लिए इसलिए भी खास थी क्योंकि प्रीति जिंटा बचपन से मेरी पसंदीदा अभिनेत्री रही हैं।''