ऐश्वर्या राय: आर्किटेक्ट से मिस वर्ल्ड और फिर बॉलीवुड की रानी कैसे बनीं?
ऐश्वर्या राय का सफर
मुंबई, 31 अक्टूबर। बॉलीवुड में कई ऐसी अभिनेत्रियां हैं, जिन्होंने अपनी खूबसूरती और अभिनय के जरिए दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। इनमें ऐश्वर्या राय बच्चन का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की और जल्द ही अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल कर ली।
मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद उनके लिए फिल्म इंडस्ट्री के दरवाजे खुल गए। हालांकि, ऐश्वर्या का जीवन हमेशा से फिल्मी नहीं रहा। वह पहले आर्किटेक्ट बनना चाहती थीं और इसके लिए उन्होंने पढ़ाई भी की थी, लेकिन किस्मत ने उन्हें एक ऐसे रास्ते पर ले जाकर खड़ा कर दिया, जहां उन्होंने न केवल भारतीय सिनेमा में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई।
ऐश्वर्या का जन्म 1 नवंबर 1973 को कर्नाटक के मैंगलोर में हुआ। उनके पिता कृष्णराज राय एक मरीन इंजीनियर थे और मां वृंदा राय एक लेखिका हैं। उनका एक बड़ा भाई आदित्य राय है, जो मर्चेंट नेवी में काम कर चुके हैं। परिवार बाद में मुंबई आ गया, जहां उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की और आर्किटेक्चर में डिग्री हासिल की।
कॉलेज के दिनों में ही ऐश्वर्या की मॉडलिंग में रुचि बढ़ने लगी। इसके बाद उन्हें कई विज्ञापनों में काम करने का मौका मिला। एक कोल्ड ड्रिंक के विज्ञापन में आमिर खान और महिमा चौधरी के साथ नजर आने के बाद वह काफी चर्चित हो गईं। विज्ञापन में उनका 'हाय, आई एम संजना' संवाद लोगों के बीच लोकप्रिय हो गया।
साल 1994 में ऐश्वर्या के जीवन में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया। उन्होंने मिस इंडिया प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें सुष्मिता सेन ने जीत हासिल की, जबकि ऐश्वर्या फर्स्ट रनर-अप रहीं। इसके बाद उन्होंने मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया और खिताब अपने नाम किया। इस जीत ने उनकी लोकप्रियता को आसमान छूने में मदद की। उस समय वह आर्किटेक्चर की पढ़ाई के दूसरे वर्ष में थीं।
एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि मिस वर्ल्ड बनने के बाद उन्होंने यह जानने की कोशिश की कि क्या वह अपनी पढ़ाई जारी रख सकती हैं, लेकिन लगातार मिल रहे काम के कारण उनका करियर फिल्मों की ओर बढ़ गया।
ऐश्वर्या ने 1997 में मणिरत्नम की तमिल फिल्म 'इरुवर' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। उसी वर्ष उनकी पहली हिंदी फिल्म 'और प्यार हो गया' रिलीज हुई, जिसमें वह बॉबी देओल के साथ नजर आईं। हालांकि, शुरुआत में उन्हें फिल्मों में खास सफलता नहीं मिली, लेकिन 1998 में आई तमिल फिल्म 'जीन्स' ने उन्हें दक्षिण भारतीय सिनेमा में पहचान दिलाई। इसके बाद 1999 में संजय लीला भंसाली की फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी। इस फिल्म में उन्होंने सलमान खान और अजय देवगन के साथ काम किया और नंदिनी के किरदार के लिए उन्हें काफी सराहना मिली।
साल 2002 में आई 'देवदास' ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी। इस फिल्म में उन्होंने शाहरुख खान और माधुरी दीक्षित के साथ काम किया। पारो के किरदार में उनकी अदाकारी को दर्शकों ने बहुत पसंद किया। इस फिल्म के लिए उन्हें एक और फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला। इसके बाद उन्होंने 'धूम 2', 'गुरु', 'जोधा अकबर', 'सरकार राज', 'गुजारिश' और 'ऐ दिल है मुश्किल' जैसी फिल्मों में काम किया।
ऐश्वर्या ने हिंदी के अलावा तमिल, बंगाली और अंग्रेजी फिल्मों में भी काम किया है। वह अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह कान्स में भी भारतीय सिनेमा का जाना-पहचाना चेहरा रही हैं। साल 2003 में वह कान्स फिल्म फेस्टिवल की जूरी का हिस्सा बनी थीं। 2009 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया। फ्रांस सरकार ने भी उन्हें ऑर्डर ऑफ आर्ट्स एंड लेटर्स से नवाजा।
निजी जीवन की बात करें तो ऐश्वर्या ने 20 अप्रैल 2007 को अभिनेता अभिषेक बच्चन से शादी की। दोनों की मुलाकात फिल्मों के दौरान हुई थी और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। नवंबर 2011 में उनकी बेटी आराध्या का जन्म हुआ। शादी के बाद भी ऐश्वर्या ने फिल्मों में काम करना जारी रखा और परिवार के साथ अपनी जिम्मेदारियों को निभाया।