ऋषि कपूर की याद में भावुक हुआ परिवार, जानें कैसे मनाया गया उनका जन्मदिन
ऋषि कपूर की जयंती पर भावनात्मक श्रद्धांजलि
मुंबई, 4 सितंबर। आज दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की जयंती है। इस अवसर पर उनके परिवार और फिल्म उद्योग के कई सदस्यों ने उन्हें याद किया और उनके योगदान की सराहना की।
निर्देशक सुभाष घई ने इंस्टाग्राम पर एक पुरानी तस्वीर साझा की, जिसमें वे नीतू और ऋषि कपूर के साथ हैं। उन्होंने ऋषि कपूर से जुड़ा एक मजेदार किस्सा साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे 2010 में रात के ढाई बजे ऋषि ने उन्हें फोन किया और कहा, "साला, तुम क्या पिक्चर बनाया है!!" जब घई ने पूछा कि कौन सी फिल्म, तो ऋषि ने कहा, "अरे हमारी कर्ज, अभी फिर देखी। अब तू सो जा।"
सुभाष घई ने आगे कहा, "ऐसा सिर्फ ऋषि कपूर ही कर सकते थे। कर्ज 1980 में रिलीज हुई थी। आज उनके जन्मदिन पर मुझे याद आ रहा है कि वह 1972 से 1999 तक सबसे आकर्षक रोमांटिक सितारे रहे।"
उन्होंने मजाक में कहा कि ऋषि कपूर को संभालने के लिए केवल उनकी पत्नी नीतू कपूर ही सक्षम थीं। घई ने लिखा, "नीतू को सलाम है, मुझे यह जोड़ी बहुत पसंद है। हैप्पी बर्थडे चिंटू।"
ऋद्धिमा कपूर साहनी ने भी अपने पिता को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "जन्मदिन मुबारक पापा। आज आपके लिए सितारे और भी चमकेंगे, मैं आपको हर दिन याद करती हूं।"
अभिनेत्री नीतू कपूर ने भी अपने पति की तस्वीर साझा कर इंस्टाग्राम स्टोरी पर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
ऋषि कपूर का जन्म 4 सितंबर 1952 को मुंबई में हुआ था। उनके पिता महान अभिनेता-निर्माता राज कपूर और दादा पृथ्वीराज कपूर थे। उन्होंने रोमांटिक 'चॉकलेटी हीरो' से लेकर गंभीर और नकारात्मक भूमिकाएं निभाईं, हर किरदार में उन्होंने अद्भुत अभिनय किया।