×

उर्वशी रौतेला की दमदार वापसी: 'इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2' में नया मोड़!

उर्वशी रौतेला की बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज 'इंस्पेक्टर अविनाश' का दूसरा सीजन जल्द ही दर्शकों के सामने आने वाला है। इस बार कहानी में और भी रोमांच होगा, जिसमें उर्वशी अपने किरदार को एक नई गहराई देने के लिए दो साल तक तैयारी कर चुकी हैं। उन्होंने असली इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा की पत्नी से मिलकर अपने किरदार को वास्तविकता के करीब लाने की कोशिश की है। जानें इस सीरीज में क्या नया देखने को मिलेगा और उर्वशी का किरदार कैसे दर्शकों को प्रभावित करेगा।
 

उर्वशी रौतेला का नया सफर




मुंबई, 29 अप्रैल। क्राइम और सस्पेंस से भरपूर वेब सीरीज 'इंस्पेक्टर अविनाश' एक बार फिर दर्शकों के सामने आने वाली है। इसके दूसरे सीजन की घोषणा कर दी गई है, और इस बार कहानी में पहले से अधिक रोमांच होगा। उर्वशी रौतेला एक बार फिर इस सीरीज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, जिसे वह अपने करियर के सबसे खास किरदारों में से एक मानती हैं।


उर्वशी ने कहा, ''मेरे लिए 'इंस्पेक्टर अविनाश' केवल एक सीरीज नहीं, बल्कि एक भावनात्मक यात्रा है। मेरा किरदार असली जीवन से प्रेरित है, इसलिए मैंने इसे जिम्मेदारी से निभाने की कोशिश की है। निर्देशक नीरज पाठक की लिखी स्क्रिप्ट ने मुझ पर गहरा प्रभाव डाला है। जब मैंने कहानी पढ़ी, तो मुझे लगा कि यह किरदार सिर्फ अभिनय का अवसर नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है।''


उन्होंने आगे कहा, ''दूसरे सीजन में अपराध और पुलिस की दुनिया को और गहराई से दिखाया जाएगा। लेकिन इस बार कहानी केवल अपराध और जांच तक सीमित नहीं रहेगी। इसमें उन परिवारों की जिंदगी को भी दर्शाया जाएगा, जो पुलिस अधिकारियों के साथ हर कठिनाई में खड़े रहते हैं। मेरा किरदार इसी भावनात्मक पहलू को उजागर करेगा। सीरीज यह दिखाने का प्रयास करेगी कि एक पुलिस अधिकारी की नौकरी केवल उस व्यक्ति को नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार को प्रभावित करती है। उनके परिवारों को भी डर, तनाव और बलिदान के साथ जीना पड़ता है।''


उर्वशी ने अपने किरदार को वास्तविकता के करीब लाने के लिए काफी मेहनत की। उन्होंने बताया, ''तैयारी के दौरान मैं असली इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा की पत्नी से मिली। उनकी सादगी, धैर्य और मानसिक मजबूती ने मुझे बहुत प्रभावित किया। उनके साथ बिताए समय ने मुझे यह समझने में मदद की कि पुलिस अधिकारी की पत्नी होना कितना चुनौतीपूर्ण होता है। बाहर से यह जीवन सामान्य लग सकता है, लेकिन अंदर बहुत संघर्ष और चिंता होती है।''


उर्वशी ने कहा, ''मैंने इस किरदार के लिए लगभग दो साल तक तैयारी की। मैंने छोटी-छोटी आदतों और व्यवहारों को समझने की कोशिश की। बोलने का तरीका, बॉडी लैंग्वेज, चलने का अंदाज और यहां तक कि साड़ी पहनने के तरीके पर भी ध्यान दिया। मैं चाहती हूं कि दर्शकों को मेरा किरदार पूरी तरह से वास्तविक लगे।''


उन्होंने कहा, ''यह किरदार मेरे पिछले सभी किरदारों से बहुत अलग है, और यही बात मुझे सबसे ज्यादा उत्साहित करती है। मैं हमेशा ऐसे किरदार निभाना चाहती थी जिनमें भावनात्मक गहराई हो।''