×

उपासना सिंह: दिल की बीमारी से जूझते हुए कॉमेडी की दुनिया में बनाई पहचान

उपासना सिंह की कहानी एक प्रेरणा है, जो दिल की बीमारी से जूझते हुए भारतीय टेलीविजन और फिल्म उद्योग में अपनी पहचान बनाने में सफल रहीं। उनका सफर, जो एक साधारण परिवार से शुरू हुआ, आज उन्हें कॉमेडी की दुनिया में एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाता है। जानें कैसे उन्होंने अपने सपनों को साकार किया और अपने करियर में 100 से अधिक फिल्मों और टीवी शो में काम किया।
 

उपासना सिंह की प्रेरणादायक कहानी


मुंबई, 28 जून। पंजाब से निकलकर भारतीय टेलीविजन और फिल्म उद्योग में अपनी एक अलग पहचान बनाने वाली उपासना सिंह की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। आज लोग उन्हें उनकी कॉमेडी और बेहतरीन टाइमिंग के लिए जानते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उन्होंने बचपन में दिल में छेद जैसी गंभीर बीमारी का सामना किया। इसके बावजूद, उन्होंने अपने सपनों को कभी टूटने नहीं दिया।


उपासना का जन्म 29 जून 1975 को पंजाब के होशियारपुर में हुआ। एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार में पली-बढ़ी उपासना को बचपन से ही अभिनय और नृत्य का शौक था। स्कूल के दिनों से ही वह स्टेज पर परफॉर्म करने लगी थीं और कई बार दूरदर्शन के कार्यक्रमों में भी भाग लिया। इसी दौरान उन्हें पता चला कि उन्हें जन्म से दिल में छेद की समस्या है।


उपासना ने एक इंटरव्यू में बताया कि बचपन में डांस करते समय वह कई बार बेहोश हो जाती थीं। एक समय ऐसा आया जब डॉक्टरों ने कहा कि अगर तुरंत ऑपरेशन नहीं किया गया, तो उनकी जिंदगी खतरे में पड़ सकती है। इसके बाद उनका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में हुआ। लंबे समय तक उनका मेडिकल फॉलो-अप चलता रहा, लेकिन धीरे-धीरे वह सामान्य जीवन की ओर लौट आईं।


उपासना ने पंजाब यूनिवर्सिटी से ड्रामेटिक आर्ट्स में मास्टर्स किया, जो उनके अभिनय करियर की शुरुआत का आधार बना। उनका फिल्मी सफर राजस्थानी फिल्म 'बाई चली सासरिए' से शुरू हुआ, जिसने उन्हें पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने हिंदी, पंजाबी, भोजपुरी और गुजराती फिल्मों में लगातार काम किया और कॉमिक और सपोर्टिंग रोल्स के लिए जानी जाने लगीं।


उन्हें बॉलीवुड में असली पहचान फिल्म 'जुदाई' से मिली, जहां उनके कॉमिक डायलॉग 'अब्बा डब्बा जब्बा' ने दर्शकों को खूब हंसाया। इसके बाद 'हंगामा', 'हलचल', 'एतराज' और 'जुड़वा 2' जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। हालांकि, उन्हें असली पहचान टीवी से मिली।


टीवी शो 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' में 'पिंकी बुआ' का किरदार उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। सलमान खान के साथ उनका 'कौन है ये आदमी?' वाला सिग्नेचर डायलॉग काफी वायरल हुआ।


उपासना सिंह ने अपने करियर में 100 से अधिक फिल्मों और कई टीवी सीरियल्स में काम किया है।