×

इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' का टीजर आया, क्या खत्म होगा शिवम पंडित का दर्द?

इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आवारापन 2' का टीजर हाल ही में जारी किया गया है। 19 साल के लंबे इंतजार के बाद, दर्शकों को शिवम पंडित की कहानी की झलक देखने को मिली है। टीजर में इमरान के किरदार के दर्द और संघर्ष को दर्शाया गया है, जिसमें प्यार और खोने का एहसास है। क्या इस बार शिवम का दर्द खत्म होगा? जानें पूरी कहानी और टीजर के बारे में!
 

टीजर का अनावरण: 'आवारापन 2'




मुंबई, 29 जून। बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आवारापन 2' का टीजर हाल ही में जारी किया गया है। 19 साल के लंबे इंतजार के बाद, दर्शकों को एक बार फिर शिवम पंडित की कहानी की झलक देखने को मिली है, जिसमें प्यार, दर्द और अकेलापन एक साथ नजर आता है। इस टीजर में इमरान हाशमी के किरदार शिवम की अधूरी कहानी का अगला अध्याय प्रस्तुत किया गया है।


टीजर की शुरुआत एक सॉफ्ट वायलिन संगीत से होती है, जिसमें इमरान की आवाज सुनाई देती है, जो कहते हैं, 'कुछ कहानियां अपनी मर्जी से खत्म नहीं होती, वे दूसरों के लिए लिखी जाती हैं।'


वीडियो की शुरुआत में इमरान का चेहरा स्पष्ट नहीं दिखता। उन्हें कभी बाइक चलाते हुए दिखाया गया है, तो कभी उनके बर्ड टैटू का क्लोज-अप नजर आता है। इसके बाद, वह एक कब्र के पास पहुंचते हैं, जिस पर लिखा होता है- 'आलिया हामिद 1984-2007।'


यह वही आलिया है, जिसका किरदार पहली फिल्म 'आवारापन' में श्रिया सरन ने निभाया था और जो शिवम की जिंदगी में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुई थी। टीजर में दिखाया गया है कि शिवम उसकी कब्र पर एक गुलाब का फूल रखता है।


जैसे-जैसे टीजर आगे बढ़ता है, शिवम के अंदर चल रहे दर्द को और गहराई से दर्शाया जाता है। इस दौरान कई संवाद सुनाई देते हैं, जिसमें इमरान कहते हैं, 'मौत भी अजीब है, उसने मुझे छुआ, लेकिन अपनाया नहीं।' एक अन्य जगह उनकी आवाज सुनाई देती है- 'दर्द से पुराना रिश्ता है मेरा।' और टीजर के अंत में वह कहते हैं- 'इस बार या तो ये आवारापन खत्म होगा या मैं।'


टीजर में इमरान के अलावा शबाना आजमी और दिशा पाटनी की झलक भी दिखाई देती है, लेकिन उनके किरदारों के बारे में अभी भी रहस्य बना हुआ है।


पहले भाग की बात करें तो 2007 में आई 'आवारापन' एक क्राइम और इमोशनल ड्रामा थी, जिसमें इमरान का किरदार शिवम पंडित एक गैंगस्टर के रूप में दिखाया गया था, जो अपने दर्दनाक अतीत से जूझ रहा था। आलिया का किरदार उसकी जिंदगी में उम्मीद लेकर आता है, लेकिन एक दुर्घटना में आलिया की मौत शिवम को पूरी तरह बदल देती है।


इस फिल्म के गाने, 'तो फिर आओ' और 'माहिया' आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। अब लगभग 19 साल बाद इसका सीक्वल आ रहा है, जो उसी अधूरी कहानी को आगे बढ़ाने का वादा करता है।


'आवारापन 2' 14 अगस्त को सभी सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।