आशा भोसले: एक आवाज़, अनेक भाषाएँ - संगीत की रानी का जादू
आशा भोसले का संगीत सफर
नई दिल्ली, 12 अप्रैल। भारतीय संगीत की दिग्गज गायिका आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं, लेकिन उनकी आवाज आज भी हर भाषा, हर सुर और हर दिल में जिंदा है। 92 वर्ष की आयु में उनके निधन की खबर ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया। वह संगीत की ऐसी मिसाल थीं, जिन्होंने अपनी आवाज से भाषा की सीमाओं को तोड़ दिया।
अपने लंबे करियर में, आशा भोसले ने 20 से अधिक भारतीय और विदेशी भाषाओं में 12,000 से ज्यादा गाने गाए, जो अपने आप में एक अनोखा रिकॉर्ड है। इसी असाधारण उपलब्धि के कारण उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है।
आशा भोसले ने हिंदी के साथ-साथ कई अन्य भाषाओं में भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा। हिंदी में उनके गाए 'पिया तू अब तो आजा', 'दम मारो दम', 'ये मेरा दिल' और 'चुरा लिया है तुमने' जैसे गाने आज भी हर पीढ़ी के बीच लोकप्रिय हैं। इन गानों में उनकी ऊर्जा और अनोखा अंदाज साफ झलकता है।
मराठी, जो उनकी मातृभाषा है, में भी उन्होंने कई यादगार गीत गाए। 'बुगडी माझी सांडली' और 'माझ्या भावाला' जैसे गाने उन्हें नई पहचान दिलाने में सहायक रहे।
बंगाली भाषा में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। 'चोखे चोखे कोथा बोलो' और 'गुंजने डोले जे भ्रमर' जैसे गीतों ने उन्हें बंगाली संगीत प्रेमियों के बीच खास स्थान दिलाया। इन गानों में उन्होंने शब्दों की भावना को जिस तरह से पकड़ा, वह उनकी बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाता है।
दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी आशा भोसले का जादू बिखरा। तमिल में 'वेन्निला वेन्निला' और 'नी पार्था पारवाई' जैसे गीत गाए। तेलुगु और मलयालम में भी उन्होंने कई फिल्मों के लिए गाने रिकॉर्ड किए और अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी आवाज हर भाषा में इतनी सहज थी कि ऐसा लगता था जैसे वह उस भाषा की मूल गायिका हैं।
आशा भोसले के कुछ लोकप्रिय भोजपुरी गाने भी रहे, जिनमें 'मोरे होथवा से नथुनिया', 'गोरकी पतरकी रे' और 'राजा तोरी बगिया से' शामिल हैं।
उर्दू और गज़ल के क्षेत्र में भी उनका योगदान विशेष रहा। 'दिल चीज क्या है', 'इन आंखों की मस्ती के' और 'ये क्या जगह है दोस्तों' जैसे गज़लों ने उन्हें एक अलग ऊंचाई पर पहुंचाया।
आशा भोसले की सबसे बड़ी ताकत उनकी बहुमुखी प्रतिभा थी। उन्होंने पॉप, भजन, गज़ल, कव्वाली और शास्त्रीय संगीत जैसे हर रूप में खुद को साबित किया। 'राधा कैसे ना जले' और 'कमबख्त इश्क' जैसे गानों से लेकर पारंपरिक भजनों तक, उन्होंने हर शैली में अपनी अलग छाप छोड़ी।