आशा पारेख ने शम्मी को याद करते हुए 'रक्स' फिल्म की तारीफ की
आशा पारेख का भावुक संदेश
मुंबई, 19 नवंबर। प्रसिद्ध अभिनेत्री आशा पारेख हाल ही में निर्देशक इकबाल रिजवी की फिल्म 'रक्स' के प्रीमियर में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने अपनी करीबी दोस्त शम्मी (नरगिस रबादी) को याद किया।
आशा ने कहा, "काश शम्मी आज यहां होतीं। उनके साथ बिताए हर पल मेरे लिए अनमोल हैं और उनकी याद आज भी मेरे दिल में बसी हुई है।" उन्होंने इकबाल रिजवी को देखकर खुशी व्यक्त की और कहा कि शम्मी की उपस्थिति इस पल को और खास बनाती।
फिल्म 'रक्स' की प्रशंसा करते हुए आशा ने कहा, "यह फिल्म देखने लायक है। इकबाल ने शानदार निर्देशन किया है और कहानी भी बहुत अच्छी है। बच्चों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है।"
शम्मी, जिनका असली नाम नरगिस रबादी था, हिंदी सिनेमा और टेलीविजन की एक जानी-मानी चरित्र अभिनेत्री थीं। उन्हें दर्शक प्यार से 'शम्मी आंटी' के नाम से जानते थे।
आशा और शम्मी के बीच की दोस्ती पांच दशकों से अधिक पुरानी है। उम्र में बड़े होने के बावजूद, आशा उन्हें हमेशा प्यार से 'शम्मी आंटी' कहती थीं और उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानती थीं। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया और विदेश यात्राएं भी कीं।
फिल्म 'रक्स' एक लघु फिल्म है, जिसका निर्देशन इकबाल रिजवी ने किया है। इसकी लेखिका और निर्मात्री मनबीना संधू हैं, जो इस प्रोजेक्ट के जरिए अपना पहला स्वतंत्र प्रोडक्शन कर रही हैं। फिल्म में मानिनी डे और सहर्ष शुक्ला मुख्य भूमिकाओं में हैं।
यह फिल्म एक विधवा मां के भावनात्मक संघर्ष को दर्शाती है, जो अपने पति को खोने के बाद अपने छोटे बेटे की परवरिश और जिम्मेदारियों को संभालने की कोशिश कर रही है.