आयुष्मान खुराना को मिली जान से मारने की धमकी: लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया!
धमकी भरा ऑडियो सामने आया
मुंबई, 8 नवंबर। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता आयुष्मान खुराना को एक गंभीर धमकी का सामना करना पड़ा है। उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर एक खतरनाक संदेश भेजा गया था। इस मामले में एक ऑडियो क्लिप भी सामने आई है, जिसमें धमकी देने वाला व्यक्ति खुद को लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई अनिल पंडित बताता है। ऑडियो में वह आयुष्मान से बातचीत करने और मामले को सुलझाने की अपील करता है, साथ ही टाइगर श्रॉफ के साथ हुई एक घटना का जिक्र करते हुए जान से मारने की धमकी भी देता है।
ऑडियो में धमकी देने वाला शख्स कहता है कि उसने पहले भी आयुष्मान को फोन किया था, लेकिन उनका फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद वह बातचीत करने और मामले को सुलझाने की बात करता है। ऑडियो में उसकी आवाज में स्पष्ट रूप से धमकी सुनाई देती है।
वह कहता है, "अंशुमान साहब, मैं अनिल पंडित बोल रहा हूं, मैंने आपको फोन किया था लेकिन आपने फोन नहीं उठाया। कोई बात नहीं, आपको सिर्फ इतना संदेश देना है कि आप हमारे साथ बात कर लीजिए। अगर कोई सेटलमेंट करना है, तो वह कर लीजिए। अगर आप इसी तरह का एटीट्यूड दिखाना चाहते हैं, तो फिर टाइगर श्रॉफ के साथ जो घटना हुई है, वैसा ही कुछ आपके साथ भी हो सकता है।"
आगे वह कहता है, "हमें सिर्फ एक बार आपसे बात करनी है। आप बात कर लीजिए, इसके बाद हम आपको ज्यादा परेशान नहीं करेंगे। अगर आप बातचीत के लिए तैयार हैं, तो हमें कोई दिक्कत नहीं है।"
ऑडियो के अंत में वह चेतावनी देता है, "आपका, आपके परिवार के किसी सदस्य का या कोई भी जो हमारे हाथ लग गया, हम उसे उड़ा देंगे। इसलिए बेहतर यही होगा कि आप हमसे बात कर लें।"
इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु से 30 वर्षीय वैभव चंद्र मिश्रा को गिरफ्तार किया है। वह एक आईटी इंजीनियर है और बिहार के दरभंगा का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से आयुष्मान खुराना को धमकी भरे संदेश भेजे थे। तकनीकी जांच के जरिए उसका पता लगाया गया और उसे बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया।