आयुष्मान खुराना की नई फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' की शूटिंग पूरी
फिल्म की शूटिंग का समापन
नई दिल्ली, दो अगस्त: अभिनेता आयुष्मान खुराना ने अपनी आने वाली फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' की शूटिंग पूरी कर ली है और उन्होंने सेट से कई तस्वीरें साझा की हैं। इस फिल्म का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है, जिसमें आयुष्मान के साथ शरवरी भी मुख्य भूमिका में हैं। राजश्री प्रोडक्शंस के तहत बन रही यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
आयुष्मान ने शनिवार को अपने इंस्टाग्राम पर यह पोस्ट साझा किया। पहली तस्वीर में वह शरवरी के साथ दिखाई दे रहे हैं, इसके बाद फिल्म के सेट की अन्य तस्वीरें भी हैं। उन्होंने लिखा, 'ये प्रेम मोल लिया की शूटिंग बाणगंगा में सबसे शुभ तरीके से पूरी हुई।'
उन्होंने आगे कहा, 'इस सफर को खास बनाने के लिए सूरज सर, राजश्री प्रोडक्शंस, महावीर जैन और पूरी टीम का दिल से धन्यवाद। अब हम उस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जब हम सूरज बड़जात्या की यह फिल्म 27 नवंबर को आपके और आपके परिवार के सामने पेश करेंगे।'
चार साल के अंतराल के बाद, सूरज बड़जात्या इस फिल्म के जरिए निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने पहले 'हम आपके हैं कौन..!','हम साथ-साथ हैं' और 'विवाह' जैसी पारिवारिक फिल्मों का निर्देशन किया था। उनकी आखिरी फिल्म 'ऊंचाई' (2022) थी, जिसमें अमिताभ बच्चन, बोमन ईरानी और अनुपम खेर जैसे कलाकार शामिल थे।