अमिताभ बच्चन ने मुंबई की रात की शांति पर लिखा दिलचस्प ब्लॉग
मुंबई की रात की अनोखी शांति
मुंबई, 7 मार्च। अभिनेता अमिताभ बच्चन अपने पिता हरिवंश राय बच्चन की कविताओं से प्रेरित होकर अक्सर अपने विचार ब्लॉग पर साझा करते हैं। इस बार, उन्होंने अपने बाबूजी से प्रेरित होकर अपने मन की भावनाओं को शब्दों में पिरोया है।
अमिताभ ने मुंबई की रात की अद्भुत शांति का वर्णन किया है। उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा है कि इस व्यस्त शहर में रात के समय एक अनोखी शांति का अनुभव होता है। दिनभर की भागदौड़ के बाद, रात में सड़कें सुनसान हो जाती हैं और चारों ओर गहरा सन्नाटा छा जाता है। उन्होंने कहा, "मुंबई की यह शांति कई लोगों को डरावनी लग सकती है, लेकिन मेरे लिए इसमें एक अलग तरह की खूबसूरती और आश्चर्य छिपा है।"
उन्होंने एक रात की घटना का जिक्र करते हुए लिखा, "जब मैं यह सब लिख रहा था, तभी एक गाड़ी सड़क के गड्ढे से टकराई और सन्नाटा टूट गया। रात 1 बजे अक्सर तेज बाइक की आवाज सुनाई देती है, शायद कोई काम से लौट रहा है या नई शिफ्ट के लिए जा रहा है। ये छोटी-छोटी आवाजें रात की खामोशी को और गहरा बनाती हैं।"
अमिताभ ने आसमान के रंग की सुंदरता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, "इन दिनों मुंबई का आसमान पहले से ज्यादा नीला और साफ है। कई दिनों से ऐसा ही चल रहा है। निर्माण कार्यों के दौरान पानी का छिड़काव किया जाता है, जिससे धूल जमीन पर बैठ जाती है और हवा साफ हो जाती है। बारिश के दिनों में भी प्रदूषण कम हो जाता है क्योंकि बारिश धूल-मिट्टी को धोकर साफ कर देती है।"
उन्होंने यह भी कहा कि प्रकृति सबसे बेहतरीन दवा है। आखिरकार, दवाइयां और रसायन भी हमें प्रकृति से ही मिलते हैं। जीवन में सब कुछ चलता रहता है—कभी लेना-देना, कभी व्यवस्था और कभी अव्यवस्था। उन्होंने अपनी बात को समाप्त करते हुए लिखा, "जिंदगी से जिंदगी ही है निजात।"