अभय वर्मा की नई फिल्म 'लाइकी लाइका' की शूटिंग शुरू, मां ने किया पहला क्लैप!
अभय वर्मा की नई फिल्म का आगाज़
मुंबई, 24 सितंबर। अभिनेता अभय वर्मा, जिन्होंने फिल्म 'मुंज्या' में अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींचा, ने अपनी नई फिल्म 'लाइकी लाइका' की शूटिंग शुरू कर दी है। इस फिल्म का पहला क्लैप उनकी मां ने दिया।
अभय ने इस खास पल का एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर साझा किया, जिसमें उनकी मां के साथ सह-अभिनेत्री राशा थडानी भी नजर आ रही हैं।
वीडियो के साथ अभय ने लिखा, "मेरे गणपति भी आप और शिव भी। सब आपसे शुरू और आपसे ही पूरी, मम्मी। सौरभ गुप्ता सर, ये सारी खुशियां आपसे हैं।"
इस वीडियो में उनकी मां फिल्म के क्लैपबोर्ड के साथ पोज देती हुई दिखाई दे रही हैं। इस दौरान अभय वर्मा की भावनाएं भी छलक उठीं, जब उन्होंने अपनी मां के चेहरे पर खुशी देखी।
फिल्म के विषय में बात करते हुए अभय ने एक इंटरव्यू में कहा, "लाइकी और लाइका एक अलग दुनिया में फंसे दो लोगों की कहानी है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन हम कुछ नया पेश करने के लिए उत्सुक हैं।"
निर्माताओं ने पहले ही घोषणा की थी कि यह फिल्म 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में अभय और राशा पहली बार रोमांस करते नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन सौरभ गुप्ता कर रहे हैं।
अभय वर्मा के पास 'लाइकी लाइका' के अलावा सिद्धार्थ आनंद की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'किंग' भी है, जिसमें वह पहली बार शाहरुख खान के साथ नजर आएंगे। इसके अलावा, वह सुजात सौदागर की फिल्म 'जेसी' में भी काम कर रहे हैं।
अभय वर्मा को पहले वेब सीरीज 'द फैमिली मैन' के दूसरे सीजन में देखा गया था, और इसके बाद वह हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'मुंज्या' में अपनी भूमिका के लिए प्रसिद्ध हुए। इस फिल्म का निर्देशन आदित्य सरपोतदार ने किया था, जिसमें शरवरी वाघ, सत्यराज और मोना सिंह जैसे कलाकार भी शामिल थे। फिल्म में अभय का किरदार एक बच्चे के प्रेत से अपनी प्रेमिका और परिवार की रक्षा करता है, जो दर्शकों को बहुत पसंद आया।