अनुपम खेर को मिला 'हॉनर ऑफ अशोक अवॉर्ड 2026', भावुक होकर साझा की अपनी खुशी
अनुपम खेर का सम्मान
मुंबई, 22 जुलाई। अभिनेता अनुपम खेर को हाल ही में 'हॉनर ऑफ अशोक अवॉर्ड 2026' से नवाजा गया है। उन्होंने इस सम्मान के लिए अपनी खुशी और आभार सोशल मीडिया पर व्यक्त किया।
अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर अपनी भतीजी वृंदा खेर के साथ कुछ तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा, "इस प्रतिष्ठित अशोक अवॉर्ड 2026 को पाकर मैं अत्यंत सम्मानित और आभारी महसूस कर रहा हूं। यह पुरस्कार मेरे करियर के सबसे महत्वपूर्ण सम्मानों में से एक है। यह केवल एक उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह इस बात का संकेत है कि मेरे काम ने लोगों के जीवन को प्रभावित किया है और मेरी जिम्मेदारियां अब और बढ़ गई हैं।"
उन्होंने चार्ल्स वॉल्टर्स काउंसिल फॉर इनोवेशन एंड रिसर्च, एसोसिएशन ऑफ इंडियन ब्यूरोक्रेट्स और समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह इस विश्वास पर खरा उतरने के लिए ईमानदारी और मेहनत से काम करते रहेंगे।
अनुपम खेर ने आगे कहा, "हर पुरस्कार के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी आती है। यह जिम्मेदारी केवल एक कलाकार के रूप में नहीं, बल्कि एक नागरिक के रूप में भी है। मैं वादा करता हूं कि मैं अपने काम को ईमानदारी और विनम्रता के साथ जारी रखूंगा। इस सम्मान ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। मेरी ओर से पुरस्कार लेने के लिए वृंदा खेर का धन्यवाद। जय हिंद।"
यह पुरस्कार अनुपम खेर को समाज, राष्ट्र निर्माण और कला के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान के लिए दिया गया। कुछ कारणों से वह पुरस्कार समारोह में उपस्थित नहीं हो सके, इसलिए उनकी भतीजी वृंदा खेर ने दिल्ली में आयोजित समारोह में यह सम्मान ग्रहण किया।