अनु मलिक ने साझा की पिता की यादें, मोहम्मद रफी और प्रेम किशन के साथ पुरानी तस्वीर
अनु मलिक की यादें: पिता और संगीत के दिग्गजों के साथ
मुंबई, 20 जुलाई। प्रसिद्ध संगीतकार अनु मलिक ने हाल ही में अपने पिता की यादों को ताजा करते हुए सोशल मीडिया पर एक पुरानी तस्वीर साझा की।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई इस ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर में उनके पिता सरदार मलिक, मशहूर गायक मोहम्मद रफी और प्रेम किशन एक साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर भारतीय संगीत और सिनेमा के सुनहरे दिनों की एक झलक प्रस्तुत करती है।
अनु मलिक ने इस तस्वीर के साथ लिखा, "डैड, रफी साहब, प्रेम किशन की दुर्लभ और अनमोल तस्वीर।"
गौरतलब है कि अनु मलिक के पिता, सरदार मलिक, 1950 और 1960 के दशक के एक प्रमुख भारतीय फिल्म संगीतकार थे, जबकि मोहम्मद रफी भारत के सबसे प्रिय प्लेबैक सिंगरों में से एक माने जाते हैं। दोनों के बीच एक गहरा और आदरपूर्ण संबंध था। रफी साहब ने सरदार मलिक की कई बेहतरीन धुनों को गाया, और दोनों एक-दूसरे की कला और इंसानियत का बहुत सम्मान करते थे।
सरदार मलिक ने अपने करियर में 600 से अधिक गानों को संगीतबद्ध किया, जिनमें 'सारंगा', 'ठोकर' और 'स्टेज' जैसी फिल्में शामिल हैं। वे प्रसिद्ध गीतकार हसरत जयपुरी के बहनोई भी थे। अनु मलिक के पिता का निधन 27 जनवरी, 2006 को 76 वर्ष की आयु में हुआ।
दूसरी ओर, मोहम्मद रफी का निधन 31 जुलाई, 1980 को दिल का दौरा पड़ने से हुआ, जब उनकी उम्र 55 वर्ष थी।
प्रेम किशन, जो एक अभिनेता और निर्माता हैं, दिग्गज अभिनेता प्रेमनाथ और प्रसिद्ध अभिनेत्री बीना राय के बेटे हैं। फिल्मों में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने पर उन्होंने सिनेविस्टास लिमिटेड प्रोडक्शन कंपनी की स्थापना की और कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों का निर्माण किया।