अक्षय कुमार की वोटिंग अपील: मुंबई के असली हीरो बनने का समय!
मुंबई में बीएमसी चुनाव का मतदान
मुंबई, 15 जनवरी। महाराष्ट्र में गुरुवार को 29 नगर निगमों के लिए मतदान प्रक्रिया चल रही है। सुबह 7:30 बजे से मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं। आम जनता के साथ-साथ फिल्म उद्योग की कई प्रमुख हस्तियां भी अपने वोट डाल रही हैं।
इस क्रम में, बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार ने भी मतदान किया। इस अवसर पर वह एक साधारण नीली शर्ट और पैंट में नजर आए। एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में उन्होंने अपने मताधिकार का उपयोग किया और यह संदेश दिया कि वोट देना हर भारतीय की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
वोट डालने के बाद अक्षय ने मीडिया से बातचीत में कहा, "आज बीएमसी के चुनाव का दिन है, जो हमारी दैनिक जिंदगी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज हम तय करते हैं कि हमारे शहर का नेतृत्व कौन करेगा।" उन्होंने मुंबईवासियों से आग्रह किया कि वे अपने घरों से बाहर निकलें और मतदान करें।
अक्षय ने आम लोगों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा, "हम अक्सर शिकायत करते हैं कि पानी नहीं आ रहा, बिजली नहीं है, कचरा सड़कों पर है और सड़कें खराब हैं, लेकिन अब शिकायत करने का समय नहीं है, बल्कि जिम्मेदारी निभाने का है। यदि हमें सही प्रशासन चाहिए, तो हमें वोट डालकर सही उम्मीदवारों का चयन करना होगा।"
उन्होंने आगे कहा, "अगर आप मुंबई के असली हीरो बनना चाहते हैं, तो सिर्फ बातें करने के बजाय मतदान करें।"
बीएमसी चुनाव में इस बार कुल 2,869 सीटों के लिए 15,908 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। राज्यभर में लगभग 3 करोड़ 48 लाख 79 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। मतदान को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 39,092 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। बीएमसी देश की सबसे बड़ी नगरपालिकाओं में से एक है, इसलिए इसके चुनाव का मुंबई के विकास पर सीधा प्रभाव पड़ता है।