☰
×

Las Vegas में दीपावली और हैलोवीन का जश्न मनाने वाले मीका सिंह का म्यूजिक वीकेंड!

बॉलीवुड के मशहूर गायक मीका सिंह ने लास वेगास में दीपावली और हैलोवीन के अवसर पर एक शानदार म्यूजिक वीकेंड का आयोजन किया। उन्होंने बेलाजियो में परफॉर्म करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। इस खास मौके पर रिकी मार्टिन, अशर और टिएस्टो जैसे बड़े म्यूजिक सितारे भी शामिल थे। जानें इस अद्भुत अनुभव के बारे में और कैसे मीका ने भारतीय संगीत का रंग बिखेरा।
 

मीका सिंह का इंटरनेशनल म्यूजिक वीकेंड




मुंबई, 2 नवंबर। बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक मीका सिंह ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी आवाज का जादू बिखेरा है। हाल ही में, उन्होंने अमेरिका के लास वेगास में दीपावली और हैलोवीन के अवसर पर संगीत के माध्यम से जश्न मनाया।


31 अक्टूबर को, उन्होंने बेलाजियो में एक शानदार प्रदर्शन किया, जहां दर्शकों ने उनके गानों पर नृत्य किया और उनका उत्साह बढ़ाया। मीका ने इस अनुभव को विशेष बताते हुए कहा कि लास वेगास में दीपावली के दौरान परफॉर्म करना उनके लिए बहुत खुशी की बात थी।


मीका सिंह ने बातचीत में कहा, "दीपावली हमारे लिए एक महत्वपूर्ण समय है और लास वेगास में इस त्योहार का जश्न मनाना मेरे लिए बहुत खुशी की बात थी। शहर की ऊर्जा, हैलोवीन का उत्साह और दर्शकों का जोश इस अनुभव को और भी खास बना रहा। लोगों को मेरे साथ गाते और नाचते देखना अद्भुत था। इस वीकेंड में रिकी मार्टिन, अशर, टिएस्टो, डॉन ओमार और मेगन स्टैलियन जैसे बड़े म्यूजिक सितारे भी शामिल थे। ऐसे कलाकारों के साथ एक ही वीकेंड का हिस्सा बनना इसे और रोमांचक बना गया।"


उन्होंने आगे कहा, "इतने प्रसिद्ध मनोरंजन स्थल पर परफॉर्म करना और बॉलीवुड संगीत की ऊर्जा को लास वेगास में लाना मेरे लिए एक शानदार अनुभव रहा। यह सच में एक यादगार पल था और मैं खुश हूं कि मैं इस खास वीकेंड का हिस्सा बना।"


दरअसल, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को लास वेगास में एक विशेष म्यूजिक वीकेंड का आयोजन किया गया था, जिसमें दुनियाभर के कई बड़े कलाकारों ने भाग लिया। मीका सिंह ने 31 अक्टूबर को बेलाजियो में परफॉर्म किया, जबकि इस म्यूजिकल वीकेंड में डॉन ओमार, मेगन थी स्टैलियन, रिकी मार्टिन, टिएस्टो और अशर जैसे अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी शामिल थे। इस आयोजन में विभिन्न प्रकार के संगीत और कलाकारों के साथ मीका ने बॉलीवुड गानों के जरिए भारतीय संगीत का रंग बिखेरा।


मीका सिंह को उनके पार्टी सॉन्ग्स के लिए जाना जाता है। फिल्म 'जब वी मेट' का 'मौजा ही मौजा', 'देसी बॉयज' का 'सुबह होने न दे', 'किक' का 'जुम्मे की रात', 'रेडी' का 'ढिंका चिका' और 'बजरंगी भाईजान' का 'आज की पार्टी' उनके लोकप्रिय गानों में शामिल हैं। इसके अलावा, फिल्म 'सिंबा' का 'आंख मारे' और उनका गाना 'सावन में लग गई आग' भी काफी पसंद किया गया है।