Ajay Devgn की नई फिल्म 'चौहान' का फर्स्ट लुक: क्या है इस बार का धमाका?
फिल्म 'चौहान' का फर्स्ट लुक वीडियो
मुंबई, 25 जून। अजय देवगन की आगामी फिल्म 'चौहान' का फर्स्ट लुक वीडियो जारी होते ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। इस फिल्म में अजय एक बार फिर अपने सख्त और प्रभावशाली अंदाज में नजर आएंगे।
फर्स्ट लुक वीडियो की शुरुआत कश्मीर के खूबसूरत दृश्यों के साथ होती है, जिसमें एक गहरी आवाज सुनाई देती है, जो कहती है, 'चौराहे पर 300 लड़के थे जनाब, घर सिर्फ 270 पहुंचे… 30 कम हैं।' यह वाक्य पूरे वीडियो का माहौल तैयार करता है और दर्शकों को गंभीरता में ले जाता है। इसके बाद अजय देवगन की आवाज आती है, जिसमें वह कहते हैं, 'गलती हमारी नहीं थी, ऑर्डर्स ऊपर से आए थे, ईंट का जवाब पत्थर से, पर सामने वाला पत्थर ही उठा ले, तो जवाब क्या…' इस डायलॉग के साथ ही वीडियो में युवाओं की भीड़, आगजनी, सैनिकों की तैनाती और पत्थरबाजी के दृश्य तेजी से दिखाए जाते हैं।
वीडियो में आगे सुरक्षाबलों द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए टियर गैस का उपयोग किया जाता है, लेकिन मास्क पहने उपद्रवियों पर इसका कोई खास असर नहीं होता। इसके बाद पैलेट गन्स का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन हालात फिर भी काबू में नहीं आते। वॉटर कैनन का भी प्रयोग किया जाता है, लेकिन इससे भी स्थिति नियंत्रण से बाहर होती दिखती है।
इस बीच, एक महत्वपूर्ण दृश्य में एक पत्थरबाज अपने साथियों को हर शुक्रवार पत्थरबाजी के लिए लाउडस्पीकर से बुलाता है। इसी दौरान अजय देवगन की एंट्री होती है, जो एक अलग और दमदार अंदाज में नजर आते हैं। वह हाथ में पोर्टेबल म्यूजिक सिस्टम लेकर चलते हैं, जिसमें अमिताभ बच्चन की फिल्म 'हम' का प्रसिद्ध गाना 'जुम्मा चुम्मा दे दे' बज रहा होता है।
इसके बाद अजय देवगन को सेना की वर्दी में स्वैग के साथ चलते हुए दिखाया जाता है। वह चलते हुए जेब से रिवॉल्वर निकालते हैं, जैकेट उतारते हैं और आराम से अपनी घड़ी देखते हैं। उनके चेहरे का आधा हिस्सा मास्क से ढका हुआ है, लेकिन उनकी आंखों की तीव्रता और एक्सप्रेशन उनके किरदार को प्रभावशाली बनाते हैं। वीडियो अजय देवगन के दमदार डायलॉग के साथ समाप्त होता है, जिसमें वह कहते हैं, 'पठानों से कहना, चौहान आ रहा है।'
फिल्म 'चौहान' में अजय देवगन जियो स्टूडियोज और आनंद एल राय के साथ पहली बार सहयोग कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन नीरज यादव कर रहे हैं।