42 साल बाद भी यादगार: जैकी श्रॉफ और अनिल कपूर की 'अंदर-बाहर' का जश्न
फिल्म 'अंदर-बाहर' का 42वां वर्षगांठ
मुंबई, 07 सितंबर (वेब वार्ता)। 1984 में प्रदर्शित एक्शन-ड्रामा फिल्म 'अंदर-बाहर' ने जैकी श्रॉफ और अनिल कपूर की जोड़ी को पहली बार दर्शकों के सामने पेश किया था। यह जोड़ी 80 के दशक में बेहद लोकप्रिय हुई। सोमवार को इस फिल्म ने अपनी रिलीज के 42 साल पूरे कर लिए।
जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम पर इस खास मौके का जश्न मनाते हुए फिल्म के कुछ क्लिप साझा किए और लिखा, “फिल्म अंदर-बाहर ने रिलीज के 42 साल पूरे कर लिए हैं।”
राज एन. सिप्पी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में जैकी श्रॉफ (पुलिस इंस्पेक्टर रवि खन्ना), अनिल कपूर (राजा), डैनी डेंजोंगपा (शेरा) और मून मून सेन ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। यह फिल्म अमेरिकी फिल्म '48 आवर्स' की रीमेक है।
अनिल कपूर ने एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है, जो खतरनाक अपराधी शेरा (डैनी डेंजोंगपा) को पकड़ने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए वह एक पूर्व कैदी (जैकी श्रॉफ) की मदद लेता है, जो कभी शेरा का दाहिना हाथ था।
पुलिस अधिकारी अपने वरिष्ठों से अनुमति लेकर उस कैदी को सात दिनों के लिए जेल से बाहर लाता है ताकि वे मिलकर शेरा के गैंग का पर्दाफाश कर सकें। इस दौरान दोनों के बीच एक्शन और ड्रामा का बेहतरीन तालमेल देखने को मिलता है।
फिल्म की रिलीज से पहले जैकी श्रॉफ और अनिल कपूर के बीच क्रेडिट को लेकर विवाद हुआ था, जिसके कारण फिल्म की रिलीज में लगभग 8 महीने की देरी हुई। इसके अलावा, यह फिल्म बीआर चोपड़ा की सफल फिल्म 'आज की आवाज' के साथ भी क्लैश हुई, जिससे इसे बॉक्स ऑफिस पर औसत सफलता ही मिली। इस फिल्म में दोनों ने पहली बार साथ काम किया था, जो बाद में 80 और 90 के दशक की एक प्रसिद्ध जोड़ी बन गए।