×

भोजपुरी सिनेमा में धमाल मचाने आ रही है 'चटोरी बहू-2', जानें कब होगा ट्रेलर रिलीज!

भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री अंजना सिंह की नई फिल्म 'चटोरी बहू-2' का ट्रेलर 11 अप्रैल को रिलीज होने वाला है। इस पारिवारिक ड्रामा में अंजना एक पारंपरिक बहू के रूप में नजर आएंगी, जो घरेलू जीवन की मिठास और चुनौतियों को दर्शाती है। फिल्म के मेकर्स ने पोस्टर जारी किया है, जिसमें अंजना के हाथों में किचन का सामान है। जानें इस फिल्म के बारे में और क्या खास है!
 

भोजपुरी फिल्म 'चटोरी बहू-2' का ट्रेलर जल्द आएगा




मुंबई, 6 अप्रैल। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री अंजना सिंह अपने फैंस के लिए एक नई पारिवारिक ड्रामा फिल्म 'चटोरी बहू-2' लेकर आ रही हैं। सोमवार को फिल्म के मेकर्स ने ट्रेलर रिलीज की तारीख की घोषणा की।


फिल्म का पोस्टर मेकर्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर साझा किया, जिसमें अंजना एक पारंपरिक बहू के रूप में दिखाई दे रही हैं। उनके हाथों में किचन के सामान जैसे चम्मच, बेलन और थाली हैं, जो फिल्म की कहानी की झलक पेश करते हैं। यह कहानी परिवार, रिश्तों और घरेलू जीवन की मिठास और चुनौतियों को दर्शाती है।


पोस्टर के साथ मेकर्स ने लिखा, "भोजपुरी फिल्म 'चटोरी बहू-2' का ट्रेलर 11 अप्रैल को सुबह 8 बजे बी4यू भोजपुरी के यूट्यूब चैनल पर रिलीज होगा।"


इस फिल्म का निर्देशन इश्तियाक शेख बंटी ने किया है, जबकि संदीप सिंह इसके निर्माता हैं। लेखन का कार्य अरविंद तिवारी ने किया है और संगीत ओम झा ने तैयार किया है। फिल्म के बारे में अन्य जानकारी अभी तक साझा नहीं की गई है।


यह पारिवारिक ड्रामा फिल्म भोजपुरी दर्शकों को घरेलू रिश्तों और भावनाओं का एक संपूर्ण पैकेज प्रदान करेगी। यह फिल्म 2024 में प्रसारित होने वाली 'चटोरी बहू' का सीक्वल है, जिसमें स्मृति सिन्हा ने मुख्य भूमिका निभाई थी।


फिल्म में अन्य कलाकारों में संजना पांडेय, किरण यादव, आकाश गहरवाल, विनोद मिश्रा, कंचन मिश्रा, निशा सिंह, सोनिया मिश्रा, ऋतू पांडेय, विद्या सिंह, राकेश बाबू, संतोष श्रीवासतव, वंदना दुबे और प्रशांत सिंह शामिल हैं।


अंजना सिंह इस समय फिल्म 'लेडी बॉक्सर' की शूटिंग में व्यस्त हैं, जो आजमगढ़ में हो रही है। इस फिल्म का निर्देशन संतोष जोशी कर रहे हैं और लेखन सत्येंद्र सिंह ने किया है।