क्या है संजना पांडे की नई फिल्म 'तुलसी विवाह' की कहानी? जानें इस पारिवारिक ड्रामा के बारे में!
संजना पांडे की नई फिल्म 'तुलसी विवाह'
मुंबई, 28 मार्च। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री संजना पांडे दर्शकों के लिए एक नई पारिवारिक ड्रामा फिल्म 'तुलसी विवाह' लेकर आई हैं। यह फिल्म एक साहसी महिला की कहानी है, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझते हुए अपने जीवन को संभालती है।
शनिवार को फिल्म के निर्माताओं ने इसका ट्रेलर जारी किया, जो 4 मिनट 5 सेकंड लंबा है। ट्रेलर में तुलसी और उसके पति के सामने आने वाली कई चुनौतियों को दर्शाया गया है।
ट्रेलर की शुरुआत एक साधारण लड़की तुलसी से होती है, जिसका किरदार संजना पांडे ने निभाया है।
कहानी की शुरुआत में, तुलसी को देखने आए वर पक्ष के लोग उसे पसंद कर लेते हैं और 'रोका' की रस्म पूरी होती है। इसके बाद विवाह की तैयारियां शुरू होती हैं, लेकिन इसी दौरान परिवार को तुलसी के कैंसर से पीड़ित होने की जानकारी मिलती है। इस कठिन परिस्थिति में तुलसी की चाची इसे छुपाने की सलाह देती हैं।
विवाह के बाद जब तुलसी अपने ससुराल पहुंचती है, तो ससुराल वाले उसकी बीमारी के बारे में जान जाते हैं और इसे 'छल' मानकर उसे घर से निकालने की बात करने लगते हैं। इस कठिन समय में तुलसी का पति उसका समर्थन करता है और उसका इलाज शुरू करवाता है। हालांकि, इस संघर्ष में कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आता, जिससे दोनों बहुत परेशान हो जाते हैं।
ट्रेलर के अंत में, तुलसी अपने इलाज के लिए पैसे जुटाने के लिए लोकप्रिय शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में जाती है, जो फिल्म की भावनात्मक गहराई को और बढ़ा देता है।
इस फिल्म का निर्देशन मंजुल ठाकुर ने किया है, जबकि लेखन सत्येन्द्र सिंह का है और संगीत ओम झा ने तैयार किया है। इसके निर्माता संदीप सिंह और मंजुल ठाकुर हैं। यह फिल्म पारिवारिक रिश्तों, भावनाओं और संस्कारों को खूबसूरती से प्रस्तुत करती है।
फिल्म में संजना पांडे के साथ गोलू तिवारी, संजय पांडेय, कंचन मिश्रा, आलोक सिंह, प्रकाश जैस, निशा तिवारी, पुष्पेंद्र सिंह, और श्वेता कुमारी जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।