क्या है भोजपुरी सिनेमा की नई हीरोइन अंजना सिंह की फिल्म 'लेडी बॉक्सर' में खास?
अंजना सिंह की नई फिल्म 'लेडी बॉक्सर'
मुंबई, 9 अप्रैल। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री अंजना सिंह जल्द ही अपनी नई फिल्म 'लेडी बॉक्सर' में एक महिला बॉक्सर के रूप में नजर आएंगी। इस फिल्म में अंजना एक मजबूत और साहसी किरदार निभाएंगी।
गुरुवार को अंजना ने फिल्म के शूटिंग का एक बीटीएस वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपनी टीम के साथ मस्ती करती हुई दिखाई दे रही हैं। पारंपरिक साड़ी में अंजना ने बॉक्सिंग ग्लव्स पहने हुए हैं, जबकि उनकी टीम के अन्य सदस्य भी ग्लव्स पहनकर हल्की-फुल्की बॉक्सिंग कर रहे हैं।
अंजना ने अपने साथी कलाकारों को परिवार बताते हुए लिखा, "प्यार, हंसी, वफादारी, यही सब हमें चाहिए। दोस्त भी परिवार के समान होते हैं।"
भोजपुरी सिनेमा में अंजना की एक अलग पहचान है। उन्होंने कई सफल फिल्मों में काम किया है। आमतौर पर उन्हें पारिवारिक ड्रामा में बहू के किरदार में देखा जाता है, लेकिन इस बार उनका लुक कुछ अलग होगा। 'लेडी बॉक्सर' में वे एक्शन से भरपूर अंदाज में नजर आएंगी।
इस फिल्म का निर्देशन संतोष जोशी ने किया है, जबकि लेखन सत्येंद्र सिंह ने किया है। फिल्म के मुख्य सहायक निदेशक रवि तिवारी हैं और इसे संदीप सिंह और अथर्व सिंह द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है। हालांकि, फिल्म के बारे में अन्य जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।
भोजपुरी सिनेमा इस समय नई कहानियों और सशक्त महिला किरदारों की ओर बढ़ रहा है, और 'लेडी बॉक्सर' इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसकी शूटिंग आजमगढ़ में की जा रही है।
अंजना की कुछ फिल्में पहले ही रिलीज हो चुकी हैं, जबकि कुछ अभी आने वाली हैं। हाल ही में, वह पारिवारिक ड्रामा 'किसान बहुरिया' में नजर आई थीं, जो टेलीविजन और यूट्यूब पर प्रसारित हुई और दर्शकों का मनोरंजन किया।
किसान बहुरिया एक ऐसी महिला की कहानी है, जो अपने पति की मानसिक स्थिति को सुधारने और परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए खेती करती है।