क्या है भोजपुरी क्वीन अक्षरा सिंह का नया हिट गाना 'चुम्मा लेला राजा जी'?
अक्षरा सिंह का नया गाना वायरल
मुंबई, 3 अप्रैल। भोजपुरी की मशहूर गायिका अक्षरा सिंह का नया गाना 'चुम्मा लेला राजा जी' हाल ही में लॉन्च हुआ है और यह सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इस गाने की सफलता का श्रेय केवल इसके संगीत और बोलों को नहीं, बल्कि अक्षरा की मेहनत और अदाकारी को भी दिया जा रहा है। शुक्रवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने इस गाने के लिए की गई मेहनत का जिक्र किया।
वीडियो में अक्षरा डांस की प्रैक्टिस करते हुए नजर आ रही हैं। क्लिप में उनके पूरे सेटअप को दिखाया गया है, जहां उनकी टीम डांस मूव्स को सही करने में जुटी हुई है। वीडियो में अक्षरा को रिहर्सल करते हुए देखा जा सकता है, जहां वह हर स्टेप को बेहतरीन तरीके से निभा रही हैं।
उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा, ''तैयारी से परफेक्शन तक, ग्लो अप कैसा लगा?''
'चुम्मा लेला राजा जी' एक रोमांटिक ट्रैक है, जिसमें अक्षरा और सनम जौहर के बीच की केमिस्ट्री दर्शकों को भा रही है। अक्षरा के एक्सप्रेशन्स गाने को और भी खास बनाते हैं। इसके बोल यादव राज ने लिखे हैं, जबकि संगीत विनय विनायक ने तैयार किया है। इस गाने का निर्देशन मोहित सरीन ने किया है।
अक्षरा सिंह का जन्म बिहार में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2010 में एक्शन ड्रामा फिल्म 'सत्येमव जयते' से की, जिसमें उन्होंने रवि किशन के साथ मुख्य भूमिका निभाई। इसके बाद उन्होंने कई सफल फिल्मों में काम किया, जैसे 'प्राण जाए पर वचन न जाए', 'ए बलमा बिहार वाला', और 'सत्या, तबादला'।
अक्षरा ने 2015 में हिंदी टेलीविजन पर 'काला टीका' और 'सर्विस वाली बहू' से कदम रखा। इसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक धारावाहिकों 'सूर्यपुत्र कर्ण' और 'पोरस' में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। उनके फिल्मी सफर में 'सौगंध गंगा मईया की', 'दिलेर', 'साथिया', 'धड़कन', 'सरकार राज', 'लव मैरिज', और 2025 में आने वाली 'रूद्र-शक्ति' जैसी फिल्में शामिल हैं। वह 'बिग बॉस ओटीटी' की प्रतियोगी भी रह चुकी हैं।