क्या है 'किसान बहुरिया' की कहानी? जानें अंजना सिंह की नई फिल्म का यूट्यूब प्रीमियर कब होगा!
भोजपुरी फिल्म 'किसान बहुरिया' का यूट्यूब प्रीमियर
मुंबई, 19 मार्च। भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री अंजना सिंह अब अपनी नई फिल्म 'किसान बहुरिया' को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पेश करने जा रही हैं। इस फिल्म की कहानी एक ऐसी महिला पर आधारित है, जो खेती-किसानी के साथ-साथ अपने परिवार की जिम्मेदारियों को भी बखूबी निभाती है और समाज के लिए एक प्रेरणा बनती है।
हाल ही में इस फिल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर हुआ था, जिसमें दर्शकों ने इसे काफी सराहा। फिल्म की कहानी, अभिनय और संदेश को लेकर लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रियाएं दीं। अब, मेकर्स ने इसकी यूट्यूब प्रीमियर की तारीख की घोषणा की है।
फिल्म के पोस्टर को इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए मेकर्स ने लिखा, "यूट्यूब प्रीमियर में देखिए पूरी भोजपुरी फिल्म 'किसान बहुरिया' 21 मार्च, शनिवार सुबह 8 बजे केवल बी4यू भोजपुरी के यूट्यूब चैनल पर।"
यह फिल्म उन दर्शकों के लिए विशेष है, जो भोजपुरी सिनेमा में सार्थक और प्रेरणादायक कहानियों की तलाश में हैं। अंजना सिंह की मजबूत छवि और फिल्म का विषय इसे और भी आकर्षक बनाता है।
मंजुल ठाकुर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अंजना सिंह और प्रशांत सिंह मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा, खुशी झा, विद्या सिंह, गोलू तिवारी, अशोक मिश्रा और सुधा यादव जैसे अनुभवी कलाकार भी नजर आएंगे। बाल कलाकार के रूप में दीक्षा मिश्रा भी शामिल हैं। फिल्म का संगीत ओम झा ने दिया है।
फिल्म में प्रशांत अंजना के पति की भूमिका में हैं, जो इसे और भी खास बनाता है। यह पहली बार नहीं है जब अंजना और प्रशांत एक साथ काम कर रहे हैं; दोनों ने पहले भी कई फिल्मों में साथ काम किया है।
किसान बहुरिया एक ऐसी महिला की कहानी है, जो अपने पति की मानसिक स्थिति को सुधारने और घर की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए खेती करती है। फिल्म में अंजना अपने पति की मानसिक स्थिति को देखकर खेतों में मेहनत करती हैं।