क्या आप तैयार हैं? काजल राघवानी की 'बड़की दीदी-2' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर आज!
काजल राघवानी की नई फिल्म का प्रीमियर
मुंबई, 4 अक्टूबर। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री काजल राघवानी की नई फिल्म 'बड़की दीदी-2' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर शनिवार को होने जा रहा है। इस बारे में जानकारी अभिनेता प्रशांत सिंह ने अपने सोशल मीडिया पर साझा की।
प्रशांत ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, "भोजपुरी फिल्म 'बड़की दीदी-2' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 4 अक्टूबर, शनिवार को शाम 6:30 बजे और 5 अक्टूबर, रविवार को सुबह 9:45 बजे बी4यू भोजपुरी चैनल पर देखिए।"
'बड़की दीदी-2' एक पारिवारिक और भावनात्मक कहानी है, जिसमें काजल राघवानी ने मुख्य भूमिका निभाई है। यह कहानी एक बड़ी बहन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने परिवार और छोटी बहनों की हर जरूरत का ध्यान रखती है। वह अपनी दो छोटी बहनों की शादी की व्यवस्था करती है और उनके सुख के लिए अपने सपनों का बलिदान देती है। लेकिन कहानी में एक दुखद मोड़ तब आता है जब बड़की दीदी को एक गंभीर बीमारी का सामना करना पड़ता है, जिससे उसकी जिंदगी संकट में पड़ जाती है।
फिल्म का निर्देशन मंजुल ठाकुर ने किया है, जबकि इसके निर्माता संदीप सिंह और मंजुल ठाकुर हैं। कहानी को मंजुल ठाकुर, संदीप सिंह और अरविंद तिवारी ने मिलकर लिखा है। फिल्म के गाने अरविंद तिवारी और प्यारे लाल यादव ने लिखे हैं, जिन्हें संगीतकार ओम झा ने संगीतबद्ध किया है। इन गानों में भोजपुरी संस्कृति की झलक और गहरी भावनाएं देखने को मिलेंगी।
काजल राघवानी के साथ इस फिल्म में सपना चौहान, ऋतु चौहान, प्रशांत सिंह, प्रेम दुबे, गोपाल चौहान, माया यादव, रिंकू भारती, ललित उपाध्याय और अंजू रस्तोगी जैसे कई भोजपुरी कलाकार भी नजर आएंगे।
हाल ही में काजल राघवानी की फिल्में 'मुनिया' और 'गुजराती बहू' रिलीज हुई हैं। उनकी आगामी फिल्मों में 'तुझको ही दुल्हन बनाऊंगी' और 'गौरी' शामिल हैं, लेकिन इनकी रिलीज की तारीख अभी तक घोषित नहीं की गई है।