शाहरुख खान का 60वां जन्मदिन: फैंस और सेलेब्स ने दी बधाई, मन्नत में चल रहा है निर्माण कार्य
शाहरुख खान का खास दिन
नई दिल्ली, 2 नवंबर। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान आज अपने 60वें जन्मदिन का जश्न मना रहे हैं। उनके घर मन्नत के बाहर फैंस की भीड़ देर रात से ही जुटी हुई है, सभी उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब हैं।
हालांकि, इस बार शाहरुख अपने फैंस को बालकनी से नहीं दिखा सके, क्योंकि उनके घर में निर्माण कार्य चल रहा है। फैंस के अलावा, कई बॉलीवुड सितारों ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
फिल्म 'बाजीगर' में उनके साथ काम कर चुकीं एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "दिलों के सच्चे बादशाह और मेरे पहले हीरो शाहरुख खान को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। रोमांस की असली कला सिखाने के लिए धन्यवाद, आपके उत्तम स्वास्थ्य और खुशी की कामना करती हूं।"
फिल्म निर्देशक और कोरियोग्राफर फराह खान ने भी सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें उन्होंने शाहरुख को 'किस' करते हुए लिखा, "जन्मदिन मुबारक हो, किंग शाहरुख खान, अगले 100 साल तक राज करो।"
90 के दशक के मशहूर विलेन गुलशन ग्रोवर ने भी शाहरुख को बधाई दी। उन्होंने एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "शाहरुख खान, मेरे भाई, मेरे और मेरे बेटे की तरफ से जन्मदिन की शुभकामनाएं, हम सब आपसे बहुत प्यार करते हैं।"
अभिनेता आदित्य पंचोली ने भी शाहरुख के साथ अपनी पुरानी यादें ताजा कीं और सेट से एक मजेदार तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा, "आपको खुशी, प्यार और मुस्कुराहट से भरे जन्मदिन की शुभकामनाएं। आपकी दयालुता और गर्मजोशी हम सभी को प्रेरित करती है।"
फिल्म निर्माता आनंद पंडित ने भी शाहरुख को बधाई देते हुए लिखा, "मेरे प्यारे दोस्त शाहरुख खान को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। 60 साल के हो गए हैं और आज भी आप दिलों के बादशाह हैं। आपने दुनिया को प्यार करना सिखाया है।"
.png)