क्या आप जानते हैं मीका सिंह का अमिताभ बच्चन के साथ ये मजेदार किस्सा?
मीका सिंह का अमिताभ बच्चन के प्रति प्यार
मुंबई, 9 जून। बॉलीवुड के मशहूर गायक मीका सिंह ने संगीत की दुनिया में लगभग दो दशकों से अपनी पहचान बनाई है। उनके गाने आज भी शादियों और पार्टियों में गूंजते हैं। मीका न केवल अपनी गायकी के लिए, बल्कि अपने मजेदार किस्सों और बेबाकी के लिए भी जाने जाते हैं। उनके जीवन से जुड़े कई दिलचस्प किस्से हैं, जिनमें से एक अमिताभ बच्चन से जुड़ा है, जिसे मीका ने कई बार साझा किया है।
उन्होंने बताया कि वह अमिताभ बच्चन के बड़े प्रशंसक रहे हैं और एक बार बिना बुलाए उनकी दीपावली पार्टी में पहुंच गए थे। इस दौरान एक मजेदार घटना भी घटी, जब उन्हें लगा कि वह खुद बिग बी से बात कर रहे हैं।
मीका सिंह का जन्म 10 जून 1977 को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में हुआ। उनका असली नाम अमरीक सिंह है। संगीत उनके परिवार का अभिन्न हिस्सा रहा है, क्योंकि उनके बड़े भाई दिलेर मेहंदी पहले से ही एक प्रसिद्ध गायक हैं। मीका ने बचपन से ही संगीत की ओर झुकाव दिखाया और जल्दी ही गायकी में अपनी पहचान बनाने की कोशिश की। उनका गाना 'सावन में लग गई आग' बहुत लोकप्रिय हुआ और इसके बाद वह लोगों के पसंदीदा गायक बन गए।
इसके बाद उन्होंने कई हिट गाने दिए जैसे 'मौजा ही मौजा', 'ढिंका चिका', 'जुम्मे की रात', 'आज की पार्टी', 'गो गो गोविंदा', 'अंखियों से गोली मारे', और '440 वोल्ट', जिससे वह बॉलीवुड के सबसे चर्चित गायकों में शामिल हो गए।
मीका ने एक इंटरव्यू में बताया कि हर साल जब अमिताभ बच्चन की दीपावली पार्टी होती थी, तो वह बाहर से सजावट देखते थे और पार्टी में शामिल होने का सपना देखते थे। एक दिन उन्होंने हिम्मत जुटाकर अपनी कार से अमिताभ के घर पहुंचकर बिना निमंत्रण अंदर चले गए। हालांकि, वह ज्यादा देर नहीं रुके और चुपचाप लौट आए।
एक और मजेदार किस्सा साझा करते हुए मीका ने कहा कि उनके भाई दलेर मेहंदी ने एक बार उनसे अमिताभ बच्चन से बात करवाने का वादा किया। दलेर ने एक व्यक्ति को फोन किया, जिसकी आवाज अमिताभ बच्चन जैसी थी, और फोन मीका को दे दिया। मीका ने उस आवाज को सुनकर सम्मान में खड़े होकर बात की, उन्हें लगा कि वह सच में बिग बी से बात कर रहे हैं।
कुछ समय बाद जब मीका की मुलाकात असली अमिताभ बच्चन से हुई, तब उन्हें पता चला कि दलेर ने उनके साथ मजाक किया था।
.png)