अनिल कपूर ने 'मिशन इम्पॉसिबल 4' की यादों को किया ताजा, टॉम क्रूज और टीम को किया धन्यवाद!
अनिल कपूर की यादें: 'मिशन इम्पॉसिबल: घोस्ट प्रोटोकॉल'
मुंबई, 7 दिसंबर। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसे महान कलाकार हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा से न केवल भारतीय दर्शकों का दिल जीता, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है। इनमें से एक प्रमुख नाम है अभिनेता अनिल कपूर।
अनिल कपूर ने 2011 में हॉलीवुड की चर्चित फिल्म 'मिशन इम्पॉसिबल: घोस्ट प्रोटोकॉल' में अभिनय किया था, जिसे दर्शकों ने बेहद सराहा। इस फिल्म को रिलीज हुए अब 14 साल हो चुके हैं, और इस अवसर पर अभिनेता ने एक पोस्ट के जरिए फिल्म और अपने सह-कलाकारों को याद किया।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म के अन्य कलाकारों के साथ कुछ तस्वीरें साझा कीं और लिखा, "कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जो हमेशा के लिए दिलों में बस जाती हैं। यह सिर्फ इसलिए नहीं होता कि वे किसी बड़ी फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं या विश्वभर में सफल रही हैं, बल्कि असली वजह यह है कि इन फिल्मों के दौरान बने रिश्ते और दोस्तियां जीवनभर कायम रहती हैं।"
अनिल कपूर ने आगे कहा, "फिल्म 'मिशन इम्पॉसिबल: घोस्ट प्रोटोकॉल' भी ऐसी ही एक फिल्म है, जो अब 14 साल पुरानी हो चुकी है। हंसी-मजाक, एक-दूसरे पर भरोसा, यादगार लम्हे और अनमोल दोस्तियां, ये सब आज भी ताजा हैं। यह कहानी उन लोगों की है, जो धीरे-धीरे परिवार बन गए और उन रोमांचक सफर की है, जो कभी फीके नहीं पड़ते।"
'मिशन इम्पॉसिबल: घोस्ट प्रोटोकॉल' इस सीरीज की चौथी कड़ी थी, जिसका निर्देशन ब्राड बर्ड ने किया था। इस फिल्म में टॉम क्रूज, जेरेमी रेनर और सिमोन पेग ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। अनिल कपूर ने भी इसमें एक महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। यह फिल्म वर्तमान में नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।
जल्द ही, अनिल कपूर एक्शन और ड्रामा से भरपूर फिल्म 'सूबेदार' में नजर आएंगे, जिसका निर्देशन सुरेश त्रिवेणी कर रहे हैं। इस फिल्म में राधिका मदान मुख्य भूमिका में होंगी।
यह फिल्म भारत के ग्रामीण जीवन पर आधारित है, जिसमें अनिल कपूर ने रिटायर सूबेदार अर्जुन मौर्य का किरदार निभाया है, जो सामान्य जीवन जीने की कोशिश करता है और इस दौरान कई चुनौतियों का सामना करता है।
.png)