तुलसी कुमार ने महाकाल के दरबार में पाया सुकून, परिवार संग की अद्भुत यात्रा!
तुलसी कुमार की आध्यात्मिक यात्रा
मुंबई, 27 मई। प्रसिद्ध गायिका तुलसी कुमार हाल ही में अपने परिवार के साथ बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन गईं। इस आध्यात्मिक यात्रा की कुछ झलकियां उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की।
तुलसी ने इंस्टाग्राम पर एक मोंटाज वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपनी बहन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ महाकाल के दरबार में दिखाई दे रही हैं। वीडियो में, तुलसी पारंपरिक सूट पहने हुए मंदिर के बाहर अपनी बहन के साथ नजर आ रही हैं।
गायिका ने वीडियो में लिखा, "कुछ यात्रा ऐसी होती हैं जो व्यक्ति को अद्भुत सुकून और शांति प्रदान करती हैं, विशेषकर जब वह यात्रा श्रद्धा और परिवार के साथ की जाती है। महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग - उज्जैन। हर हर महादेव।"
तुलसी की इस पोस्ट पर उनके प्रशंसक 'जय महाकाल' और 'हर हर महादेव' के साथ प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, जो मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित है, भारत के 12 सबसे पवित्र शिव मंदिरों में से एक है। यहां भगवान शिव को 'महाकाल' के रूप में पूजा जाता है। यह भारत का एकमात्र दक्षिणमुखी ज्योतिर्लिंग है। मंदिर की विशेषता ब्रह्म मुहूर्त में होने वाली 'भस्म आरती' है, जिसमें भगवान शिव का श्रृंगार किया जाता है।
उज्जैन में महाकालेश्वर को राजाधिराज माना जाता है। प्राचीन मान्यता के अनुसार, कोई भी अन्य राजा या मुख्यमंत्री इस नगर में रात नहीं गुजार सकते। मंदिर में साल भर बॉलीवुड हस्तियों और वीआईपी लोगों का आना-जाना लगा रहता है। तुलसी कुमार से पहले भी कई बड़े कलाकार बाबा के दर पर मत्था टेकने आ चुके हैं।
तुलसी कुमार एक प्रसिद्ध गायिका हैं और 'टी-सीरीज' के संस्थापक स्वर्गीय गुलशन कुमार की बेटी हैं। वह अक्सर आध्यात्मिक यात्रा पर जाती हैं। इससे पहले, उन्होंने जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णों देवी के दर्शन किए थे, जहां उन्होंने अपने पिता द्वारा आयोजित भंडारे में भी भाग लिया।
.png)