Movie prime

जॉन-एरिक हेक्सम: एक प्रतिभाशाली अभिनेता की दुखद कहानी जो खुद पर चला बैठा गोली

जॉन-एरिक हेक्सम, एक प्रतिभाशाली हॉलीवुड अभिनेता, की कहानी एक दुखद घटना के इर्द-गिर्द घूमती है। 1984 में एक शूटिंग के दौरान हुई अनजाने में गोलीबारी ने उनकी जिंदगी को समाप्त कर दिया। जानें कैसे उन्होंने अपने अंगदान के माध्यम से एक और जीवन को बचाया। यह कहानी ग्लैमर, उम्मीद और त्रासदी का एक अनूठा मिश्रण है।
 
जॉन-एरिक हेक्सम: एक प्रतिभाशाली अभिनेता की दुखद कहानी जो खुद पर चला बैठा गोली

जॉन-एरिक हेक्सम की त्रासदी




नई दिल्ली, 5 नवंबर। कभी-कभी किस्मत इतनी निर्दयी होती है कि सफलता के दरवाजे खुलने से पहले ही जीवन समाप्त हो जाता है। हॉलीवुड के एक अभिनेता के साथ भी ऐसा ही हुआ। उनका नाम जॉन-एरिक हेक्सम था, जिनकी कहानी ग्लैमर, उम्मीद और एक अनजाने में हुई मौत को दर्शाती है।


जॉन-एरिक हेक्सम का जन्म 5 नवंबर 1957 को न्यू जर्सी, अमेरिका में हुआ। उनके व्यक्तित्व में बचपन से ही करिश्मा और आत्मविश्वास झलकता था। कॉलेज के दिनों में मॉडलिंग से करियर की शुरुआत करते हुए, उन्होंने जल्द ही अभिनय की दुनिया में कदम रखा। उनकी आकर्षक काया, मुस्कान और संवाद अदायगी ने उन्हें टेलीविजन का आदर्श चेहरा बना दिया। 1982 में आई सीरीज “वॉएजर्स!” से उन्हें पहली पहचान मिली, और इसके बाद “कवर अप” ने उन्हें युवा दर्शकों का प्रिय बना दिया।


हालांकि, 1984 में उनकी जिंदगी का एक अध्याय अचानक और भयानक तरीके से समाप्त हो गया। डॉनेली पॉल की लिखी 'फेड टू ब्लैक: अ बुक ऑफ ऑबिच्युरी' में इस दुखद घटना का उल्लेख है। वह अक्टूबर का महीना था, जब “कवर अप” की शूटिंग लॉस एंजेलिस में चल रही थी। एक दृश्य में उन्हें एक पिस्तौल का उपयोग करना था। यह एक “प्रॉप गन” थी, जिसमें असली गोली नहीं, बल्कि ब्लैंक कारतूस भरे गए थे। शूटिंग के दौरान लंबे इंतजार से ऊबकर, हेक्सम मजाक करने लगे। उन्होंने बंदूक उठाई, अपने सिर पर लगाई और कहा — “लेट्स सी इफ इट्स लोडेड” और ट्रिगर दबा दिया।


अगले ही क्षण सेट पर सन्नाटा छा गया। ब्लैंक कारतूस में मौजूद गैस प्रेशर ने इतनी ताकत से उनके माथे पर चोट की कि खोपड़ी की हड्डी भीतर धँस गई और दिमाग को गंभीर क्षति पहुंची। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन छह दिन बाद, 18 अक्टूबर 1984 को, केवल 26 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली।


हेक्सम की मां ने उनके अंग दान कर दिए। उनके दिल ने 36 वर्षीय व्यक्ति को नई जिंदगी दी। यह शायद उनकी कहानी का सबसे भावुक हिस्सा है! एक अभिनेता जिसने खुद पर गोली चलाई, लेकिन अपने दिल से किसी और की जिंदगी बचा गया।


OTT