अभिमन्यु सिंह ने बताया, 'बॉलीवुड और साउथ में कोई बड़ा अंतर नहीं!'
अभिमन्यु सिंह का नया किरदार और इंडस्ट्री की तुलना
मुंबई, 24 मई। अभिनेता अभिमन्यु सिंह को उनकी बेहतरीन अदाकारी के लिए जाना जाता है। चाहे वह खलनायक का किरदार हो या गंभीर भूमिका, उन्होंने हमेशा दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई है। वर्तमान में, वह अपनी वेब सीरीज 'इंस्पेक्टर अविनाश' के दूसरे सीजन को लेकर चर्चा में हैं।
हाल ही में, उन्होंने एक इंटरव्यू में बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के काम करने के तरीकों, अपने किरदार की तैयारी और 'इंस्पेक्टर अविनाश' के दूसरे सीजन की चुनौतियों पर खुलकर बात की।
जब उनसे पूछा गया कि कई कलाकार मानते हैं कि साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अनुशासन और समय की पाबंदी अधिक होती है, जबकि बॉलीवुड का माहौल अलग है, तो अभिमन्यु ने कहा, "मुझे ऐसा कोई बड़ा अंतर नहीं लगता। बॉलीवुड में भी लोग समय का ध्यान रखते हैं। यहां भी फिल्में पूरी प्रोफेशनल सोच और मेहनत के साथ बनाई जाती हैं। दोनों इंडस्ट्री में मेहनती लोग हैं और अच्छा काम हो रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं बॉलीवुड और साउथ सिनेमा को अलग नजरिए से नहीं देखता। दर्शकों के लिए सबसे महत्वपूर्ण है फिल्म और कलाकार का काम। अगर कहानी अच्छी हो और कलाकार ईमानदारी से अभिनय करें, तो भाषा या इंडस्ट्री का फर्क नहीं पड़ता। आजकल दर्शक हर तरह का कंटेंट देख रहे हैं और अच्छी फिल्मों को हर जगह सराहा जा रहा है।"
वेब सीरीज 'इंस्पेक्टर अविनाश 2' में अभिमन्यु का 'देवी' वाला किरदार काफी चुनौतीपूर्ण था। इस भूमिका को निभाने के लिए उन्हें मानसिक और शारीरिक दोनों स्तर पर खुद को बदलना पड़ा।
उन्होंने कहा, "शुरुआत में मुझे समझ नहीं आ रहा था कि किरदार को कैसे निभाना है। इसके लिए मैंने काफी समय अकेले बिताया और लोगों से बातचीत करने से बचता रहा। मेरा मानना था कि अगर मैं किरदार की भावनाओं और मानसिक स्थिति को महसूस करुंगा, तभी उसे पर्दे पर सच्चाई के साथ दिखा पाऊंगा। किसी भी किरदार को निभाने के लिए सिर्फ डायलॉग बोलना काफी नहीं होता, बल्कि उसके दर्द, सोच और भावनाओं को भी समझना जरूरी होता है।"
अभिमन्यु ने बताया कि इस किरदार के लिए उनका शारीरिक बदलाव बेहद कठिन था। साड़ी पहनना, महिला जैसे लुक में तैयार होना और उस अंदाज को सहजता से निभाना आसान नहीं था। इसके लिए उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी। इस रोल में धैर्य और समर्पण की आवश्यकता थी। दर्शकों ने उनके इस प्रयास को सराहा और उनकी अदाकारी की प्रशंसा की।
.png)