क्या मां बनने के बाद अभिनेत्रियों को मिलता है काम? रुबीना दिलैक ने खोली इंडस्ट्री की सच्चाई
रुबीना दिलैक का खुलासा
मुंबई, 15 मई। शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र हो जहां महिलाएं पुरुषों के साथ समानता से न चल रही हों, लेकिन अभिनेत्री रुबीना दिलैक का मानना है कि भेदभाव अभी भी जारी है। उन्होंने मां बनने के बाद अभिनेत्रियों को काम न मिलने के कारणों पर खुलकर चर्चा की।
रुबीना ने कहा कि एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में पुरानी सोच अब भी विद्यमान है, जिसके चलते नई माताओं को प्रोजेक्ट्स से बाहर रखा जाता है। उन्होंने बताया कि निर्माताओं का मानना है कि हाल ही में बच्चे को जन्म देने वाली अभिनेत्रियों में पहले जैसी ऊर्जा और मेहनत करने की क्षमता नहीं होती।
उन्होंने कहा, “अध्ययन बताते हैं कि 62 प्रतिशत महिलाएं प्रेग्नेंसी के बाद काम पर लौट नहीं पातीं क्योंकि समाज उन्हें स्वीकार नहीं करता। इंडस्ट्री भी उन्हें कमजोर समझती है। निर्माताओं का मानना है कि अब उनके पास स्टैमिना नहीं बचा है, इसलिए उन्हें प्रोजेक्ट में शामिल करना जोखिम भरा हो सकता है।”
अभिनेत्री ने यह भी बताया कि समाज महिलाओं पर लगातार दबाव डालता है, जिससे उन्हें अपनी मर्जी से जीने की स्वतंत्रता नहीं मिलती। कई महिलाएं इस दबाव के कारण आत्मविश्वास बनाए रखने में असमर्थ होती हैं।
मां बनने के बाद, रुबीना ने अपनी व्यक्तिगत और पेशेवर जिंदगी को सफलतापूर्वक संतुलित किया है। उन्होंने इसे अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। रुबीना ने कहा, “मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे काम करने का अवसर मिला है। मैं अपनी यात्रा के माध्यम से यह दिखाना चाहती हूं कि मां बनने के बाद भी सभी दरवाजे बंद नहीं होते। मैं उन महिलाओं के लिए एक बेहतर रास्ता बनाना चाहती हूं जो इस डर में जी रही हैं।”
रुबीना जल्द ही रोहित शेट्टी के स्टंट आधारित रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के 15वें सीजन में दिखाई देंगी।