बॉलीवुड के दिग्गज बोनी कपूर ने याद किया हड़ताल का दौर, वैष्णो देवी की यात्रा का किस्सा
बोनी कपूर की यादें: हड़ताल के समय की यात्रा
मुंबई, 01 नवंबर (वेब वार्ता)। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक महत्वपूर्ण घटना को साझा किया, जब फिल्म इंडस्ट्री में हड़ताल चल रही थी और सेट पर ताले लगे हुए थे।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वे घोड़े पर सवार होकर अपने सहकर्मियों के साथ वैष्णो देवी की यात्रा पर जाते हुए नजर आ रहे हैं।
बोनी कपूर ने इस तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, “1986 में जब फिल्म इंडस्ट्री में हड़ताल थी और सभी सेट बंद थे, तब हम वैष्णो देवी के दर्शन के लिए निकले थे। इस यात्रा के बाद जब इंडस्ट्री फिर से शुरू हुई, तो सिने वर्कर्स की सहायता के लिए ‘होप 86’ शो का आयोजन किया गया।”
उन्होंने बताया कि तस्वीर में उनके साथ कई अन्य फिल्म इंडस्ट्री के कलाकार भी हैं, जैसे पद्मिनी, अशोक, पूनम, सुरेश (नायडू) बाबू। उन्होंने कहा, “हम सभी पहाड़ पर चढ़कर माता वैष्णो देवी से प्रार्थना कर रहे थे कि हड़ताल समाप्त हो जाए, इंडस्ट्री फिर से सक्रिय हो जाए, सभी फिल्मों का काम आगे बढ़े, और एसोसिएशन के सदस्यों को उनके मेहनताने में उचित बढ़ोतरी मिले।”
1986 में एक समय ऐसा भी आया जब महाराष्ट्र सरकार ने फिल्म टिकटों पर भारी टैक्स लगा दिया था। इस पर कई प्रमुख सितारों ने इसे अन्याय मानते हुए सड़कों पर उतरने का निर्णय लिया, जिनमें राज कपूर, देव आनंद, दिलीप कुमार, अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, राजेश खन्ना, हेमा मालिनी, जावेद अख्तर, शबाना आजमी, और रणधीर कपूर शामिल थे।
हड़ताल के कारण पूरे मनोरंजन क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ, जिससे लगभग 200 फिल्मों की शूटिंग रुक गई और डेढ़ लाख वर्कर्स बेरोजगार हो गए। उस समय की स्थिति इतनी गंभीर थी कि यह खबर विदेशों तक पहुंच गई। इस मामले को सुलझाने के लिए एक समिति का गठन किया गया।
दबाव बढ़ने पर सरकार ने टैक्स को 15 करोड़ से घटाकर 5 करोड़ रुपए कर दिया। हड़ताल समाप्त हुई, लेकिन नुकसान बहुत अधिक था। इंडस्ट्री ने एकजुटता दिखाई और ‘होप 86’ नामक एक भव्य चैरिटी शो का आयोजन किया।
इस शो में सितारों ने वर्कर्स की मदद के लिए धन जुटाया, हालांकि सभी कलाकार इससे संतुष्ट नहीं थे। कुछ को हड़ताल के कारण अधिक नुकसान हुआ, जिससे सितारों के बीच मनमुटाव बढ़ने की बातें भी सामने आईं।