क्या है श्रेया पिलगांवकर का मुंबई से खास रिश्ता? जानें उनके करियर के बारे में!
श्रेया पिलगांवकर का मुंबई से गहरा जुड़ाव
मुंबई, 24 मई। अभिनेत्री श्रेया पिलगांवकर ने हाल ही में मुंबई के नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (एनजीएमए) में आयोजित यूनेस्को क्रिएटिव सिटी फिल्म इवेंट में अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर उन्होंने फिल्म उद्योग, मुंबई शहर और अपने करियर के बारे में चर्चा की। श्रेया ने मराठी और हिंदी सिनेमा के विकास, ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के प्रभाव और कलाकारों को मिल रहे नए अवसरों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि मुंबई उनके लिए केवल एक शहर नहीं, बल्कि एक भावना है, जिसने लाखों लोगों को सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस दिया है।
श्रेया ने कहा, ''मुंबई मेरी जन्मभूमि और कर्मभूमि दोनों है। एनजीएमए जैसे प्रतिष्ठित मंच पर मुंबई को यूनेस्को सिटी ऑफ फिल्म के रूप में मनाना मेरे लिए गर्व की बात है। यह शहर केवल सपने नहीं दिखाता, बल्कि उन्हें पूरा करने की क्षमता भी देता है।''
अपने पिता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ''मेरे पिता पिछले 60 वर्षों से सिनेमा से जुड़े हैं और उन्होंने मराठी फिल्म इंडस्ट्री में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं अपने माता-पिता से प्रेरणा लेती हूं। लोग अक्सर मानते हैं कि कलाकारों का करियर सीमित होता है, लेकिन मेरे माता-पिता आज भी पूरी ऊर्जा के साथ काम कर रहे हैं। यही कारण है कि मैं भी जीवनभर अभिनय और कला से जुड़ी रहना चाहती हूं।''
श्रेया ने यह भी कहा, ''फिल्मों के अलावा, थिएटर और स्टेज आर्टिस्ट्स का समर्थन करना भी आवश्यक है। ओटीटी और वेब सीरीज के आगमन ने कलाकारों के लिए नए रास्ते खोले हैं। पहले जहां सीमित अवसर थे, वहीं अब विभिन्न प्लेटफॉर्म्स के कारण उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक मौके मिल रहे हैं। मैंने भी हाल के वर्षों में ओटीटी पर ध्यान केंद्रित किया है और वहां दर्शकों से बहुत प्यार मिला है।''
अपने फिल्मी बैकग्राउंड पर उन्होंने कहा, ''मैं फिल्मी बैकग्राउंड शब्द का उपयोग नहीं करना चाहती, क्योंकि मैं कहानियों के बीच पली-बढ़ी हूं। मेरे घर में सिनेमा का माहौल था, जिससे मुझे कहानियों और अभिनय से गहरा लगाव हो गया। मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मेरा जन्म ऐसे परिवार में हुआ जहां कला और सिनेमा पहले से मौजूद थे।''
सोशल मीडिया पर नकारात्मकता के बारे में श्रेया ने कहा, ''आजकल सोशल मीडिया पर नकारात्मक चीजों की अधिक चर्चा होती है, जबकि लोगों को उन कलाकारों और कहानियों के बारे में भी बात करनी चाहिए जिन्हें वे पसंद करते हैं। अगर दर्शक अच्छी कहानियों और कंटेंट का समर्थन करेंगे, तभी और बेहतर फिल्में और सीरीज बनेंगी।''
काम के मोर्चे पर, श्रेया पिलगांवकर जल्द ही दो बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आएंगी। उन्होंने बताया कि चर्चित वेब सीरीज 'मिर्जापुर' पर आधारित फिल्म अब थिएटर में आने वाली है, जिसे लेकर वह बहुत उत्साहित हैं। इसके अलावा, वह निर्देशक प्रियदर्शन की फिल्म 'हैवान' में भी दिखाई देंगी। श्रेया ने कहा कि आने वाला समय उनके लिए खास होने वाला है और वह नए प्रोजेक्ट्स को लेकर बहुत उत्साहित हैं।